बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हर सोमवार को पटना में आयोजित करेंगे जनता दरबार

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हर सोमवार को पटना में आयोजित करेंगे जनता दरबार

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 12 जुलाई से जनता दरबार की फिर से शुरुआत करने जा रहे हैं, जिसे लेकर प्रशासनिक अमले ने भी तैयारियां शुरू कर दी है। हिंदी मंडल सचिवालय द्वारा सभी प्रमंडलीय आयुक्त और जिलाधिकारियों को लिखे गए पत्र में इस बात की जानकारी देते हुए बताया गया कि जनता दरबार सप्ताह में हर दिन सोमवार को आयोजित किया जाएगा। जनता दरबार में कोविड प्रोटोकॉल का पालन करना भी अनिवार्य है।

पूर्व में जनता दरबार में मुख्यमंत्री कार्यक्रम मुख्यमंत्री आवास के एक हिस्से में होता था पर वहां निर्माण होने की वजह से अब यह कार्यक्रम मुख्यमंत्री सचिवालय संवाद परिसर में होगा जहां इस आयोजन के लिए निर्माण कार्य चल रहा है। इस कार्यक्रम में मुख्‍यमंत्री को सीधे बिहार के हर हिस्‍से से आने वालों से रूबरू होने का मौका मिलता है। गौरतलब है कि पिछले सप्ताह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सचिवालय में जनता दरबार के लिए बन रहे शेड का मुआयना भी किया था। 

आपको बता दें कि, 2005 में सत्ता संभालने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 2006 से जनता दरबार की शुरुआत की थी। इस जनता दरबार में बिहार के सुदूर इलाके से भी लोग फरियादी के रूप में पटना पहुंचते थे। जनता दरबार में मुख्यमंत्री आमजनों की परेशानियों को स्वयं सुनते थे और फौरन उस समस्या का निपटारा करने का आदेश भी देते थे। जनता दरबार के माध्यम से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जमीनी पकड़ काफी मजबूत हुई। साल 2006 से 2016 तक यानी 10 वर्षों तक यह जनता दरबार सफलतापूर्वक आयोजित होता रहा। हालांकि बाद में लोक शिकायत निवारण कानून राज्य में लागू होने पर जनता दरबार लगना बंद हो गया। हालांकि एक बार फिर करीब पांच सालों के बाद जनता दरबार की फिर से शुरुआत होने जा रही है। 


इस जनता दरबार को लेकर मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक भी आयोजित की गई। इस मीटिंग में डीजीपी समेत राज्य प्रशासन के आला अधिकारी भी मौजूद रहे। इस बैठक में शारीरिक दूरी, मास्क, सैनेटाइजर समेत सभी चीजों पर विस्तार से चर्चा की गई। सूत्रों की मानें तो जनता दरबार में हर सोमवार को अलग-अलग विभागों के मामले की सुनवाई होगी और संबंधित विभागों के अधिकारी भी जनता दरबार में मौजूद रहेंगे। इस साल जनवरी में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जनता दरबार शुरू किए जाने को लेकर मीडिया से भी चर्चा की थी। मुख्यमंत्री द्वारा फिर से जनता दरबार शुरू किए जाने से आम लोग काफी राहत महसूस करेंगे।