दुर्गा विसर्जन के दौरान भिड़ी पुलिस-पब्लिक

दुर्गा विसर्जन के दौरान भिड़ी पुलिस-पब्लिक

सीतामढ़ी जिले में मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन के दौरान पुलिस और पब्लिक के बीच झड़प हो गई। इसमें जेएसआई सहित तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। स्थानीय अस्पताल में घायलों का इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार सीतामढ़ी के नानपुर थाना क्षेत्र के रायपुर गांव में विसर्जन के दौरान पुलिस ने कोरोना गाइडलाइंस का पालन करवाते हुए लोगों को जुलूस निकालने से मना किया।पुलिस ने प्रतिमा को घुमाने से भी रोका। इसके बाद जुलूस में शामिल लोग उग्र हो गए और पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। इससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई और इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया। स्थिति को नियंत्रण से बाहर होता देख पुलिस ने अपनी जान बचाने के लिए दो राउंड हवाई फायरिंग की। हालांकि पुलिस ने गोली चलाने की पुष्टि नहीं की है।जानकारी के अनुसार पुलिस ने घटनास्थल पर भीड़ को उकसाने के आरोप में 11 लोगों को हिरासत में लिया है। इनकी निशानदेही पर असामाजिक तत्वों की पहचान की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस ने बिना वजह युवकों पर बल प्रयोग किया। इससे भीड़ उग्र हो गई और पुलिस के साथ झड़प हुई। इसके बाद पथराव किया गया। बचाव में पुलिस ने हवाई फायरिंग की।घटना के बाद मौके पर डीएम और एसपी पहुंचे। उन्होंने नजदीकी थाना पुलिस को घटनास्थल पर पहुंचने का निर्देश जारी किया। डूमर स्थित आरक्षी केंद्र से बड़ी तादाद में पुलिसबल मौके के लिए रवाना किए गए हैं। सीतामढ़ी के डीएम ने घटना में पथराव की वजह से पुलिसकर्मियों के घायल होने की बात कही है।