चक्रवात 'जवाद' की आहट से चिंता, ओडिशा में हाई अलर्ट, पीएम मोदी ने ली बैठक, जानें किन राज्‍यों पर पड़ेगी इसकी मार

चक्रवात 'जवाद' की आहट से चिंता, ओडिशा में हाई अलर्ट, पीएम मोदी ने ली बैठक, जानें किन राज्‍यों पर पड़ेगी इसकी मार

दक्षिणी अंडमान और बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवात 'जवाद' ने कई राज्यों की चिंता बढ़ा दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी गुरुवार को चक्रवात की तबाही से निपटने के लिए किए जा रहे इंतजामों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने केंद्र और राज्य की एजेंसियों को बचाव कार्य से संबंधित कई निर्देश दिए। प्रधानमंत्री ने कहा कि हमें इस बात की हर संभव कोशिश करनी है कि चक्रवात से जान-माल की क्षति न हो। राहत कार्य के इंतजाम भी पहले से कर लिए जाएं।बुधवार को कैबिनेट सचिव राजीव गौबा ने भी बैठक कर प्रभावित क्षेत्र से सभी लोगों को निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने तथा मछुआरों और नौकाओं को समुद्री क्षेत्र से हटाने के निर्देश दिए थे। बैठक में ओडिशा, आंध्र प्रदेश, बंगाल और अंडमान निकोबार के मुख्य सचिव तथा वरिष्ठ अधिकारी वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये शामिल हुए। इससे पहले भारतीय मौसम विभाग (आइएमडी) ने 'जवाद' की आशंका को देखते हुए पूरे देश में अलर्ट जारी किया है।