नहीं रहीं स्वर कोकिला लता मंगेशकर, पीएम मोदी ने जताया शोक

नहीं रहीं स्वर कोकिला लता मंगेशकर, पीएम मोदी ने जताया शोक

देश की सुप्रसिद्ध स्वर कोकिला लता मंगेशकर का 92 साल की उम्र में निधन हो गया है। लता मंगेशकर पिछले 29 दिनों से मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पलात में भर्ती थीं, जहां लगातार उनका इलाज चल रहा था। उनकी बहन उषा मंगेशकर ने इस खबर की जानकारी दी है। इससे पहले उन्हें शनिवार को तबीयत बिगड़ने के कारण वेंटिलेटर पर शिफ्ट किया गया था।

आपको बता दें कोरोना और निमोनिया से संक्रमित होने के बाद लता मंगेशकर को बीती 8 जनवरी को ब्रीच कैंडी अस्पताल में एडमिट कराया गया था। हॉस्पिटल में डॉक्टर्स की एक टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही थी। सभी डॉक्टर्स 24 घंटे उनकी देखरेख कर रहे थे। इसके साथ ही दुआओं का सिलसिला भी जारी था।

ज़ाहिर है लता मंगेशकर के निधन की खबर से पूरे बॉलीवुड में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके सभी फैंस और सेलेब्रिटी उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। भारत की कोकिला के रूप में जानी जाने वाली लता मंगेशकर को भारत का सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया गया था। उन्हें पद्म भूषण, पद्म विभूषण, दादा साहब फाल्के पुरस्कार और कई राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों से भी सम्मानित किया जा चुका है। उन्होंने अलग-अलग भाषाओं में 30,000 से अधिक गाने गाए हैं। 1942 में 13 साल की उम्र में उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की थी।

लता मंगेशकर के निधन पर दो दिन के राष्ट्रीय शोक का ऐलान भी किया गया है। साथ ही उनके सम्मान में दो दिनों तक राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा।

बता दें कि लता मंगेशकर के पार्थिव शरीर को तकरीबन 12:30 बजे उनके आवास पर ले जाया जाएगा। उसके बाद पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार आज शाम 6.30 बजे शिवाजी पार्क में किया जाएगा।

लता जी के निधन की खबर सुनते ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट के ज़रिए शोक प्रकट किया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। उन्होंने लिखा कि मैं अपने दुःख को शब्दों में बयान नहीं कर सकता। बेहद दयालु और केयरिंग लता दीदी हमें छोड़कर चली गई हैं। वह हमारे देश में एक खालीपन छोड़ गई हैं, जिसे भरा नहीं जा सकता। आने वाली पीढ़ियां उन्हें भारतीय संस्कृति के एक दिग्गज के रूप में याद रखेंगी, जिनकी सुरीली आवाज में लोगों को मंत्रमुग्ध करने की अद्वितीय क्षमता थी।