फिक्स डिपॉजिट, गोल्ड और PPF महिलाओं की पहली पसंद,

फिक्स डिपॉजिट, गोल्ड और PPF महिलाओं की पहली पसंद,

देश के बाजार नियामक सेबी की कमान भले ही एक महिला को मिल गई हो, लेकिन निवेश के मामलों में भारतीय महिलाओं की भागीदारी काफी कम है। देश की आधी महिलाएं या तो निवेश करती ही नहीं या फिर उन्हें अपने नाम पर हुए निवेश के बारे में कोई जानकारी नहीं होती। जो महिलाएं निवेश करती भी हैं, उनकी पहली पसंद फिक्स डिपॉजिट (FD), गोल्ड एवं PPF जैसे विकल्प हैं, जो सुरक्षित तो होते हैं, लेकिन रिटर्न कम देते हैं।

78% महिलाएं अपनी आय का 20% से भी कम बचाती हैं
​​​​​​​खासतौर पर महिलाओं के लिए बने फाइनेंशियल प्लेटफॉर्म एलएक्सएमई की विमेन एंड मनी पावर, 2022 नामक सर्वे रिपोर्ट के मुताबिक, 78% महिलाएं अपनी आय का 20% से भी कम बचाती हैं। 56% महिलाएं 10% से भी कम बचत करती हैं, जबकि 14% महिलाएं कुछ भी नहीं बचा पातीं। इसके अलावा 50% गैर-कामकाजी महिलाएं परिवार की आय में से 6-20% तक बचा लेती हैं, जबकि कामकाजी महिलाओं में यह आंकड़ा 45%दी है।

रिपोर्ट के मुताबिक, निवेश के मामले में गोल्ड और FD महिलाओं की पहली पसंद हैं। इसके अलावा वे PPF और चिट फंड में भी निवेश करना पसंद करती हैं। इस सर्वे में विभिन्न शहरों से अलग-अलग आयु वर्ग, जीवन स्तर और रोजगार से जुड़ी 4,000 से अधिक महिलाओं को शामिल किया गया था।

फैसले को लेकर आश्वस्त नहीं होतीं ज्यादातर महिलाएं
यह सर्वे दर्शाता है कि देश में महिलाएं धन संबंधी फैसले नहीं कर रही हैं। इसके चलते उनमें निवेश को लेकर डर पैदा होता है। धन-प्रबंधन के मामले में महिलाएं हमेशा से अच्छी रही हैं, लेकिन परिवार के निवेश या बड़ी खरीदारी में उनकी सहभागिता कम रहती है। जबकि होना यह चाहिए कि महिलाएं निवेश और धन संबंधी मामलों में सशक्त और सक्षम हों।