लालू के समर्थन में प्रियंका गांधी के ट्वीट से मचा सियासी घमासान

लालू के समर्थन में प्रियंका गांधी के ट्वीट से मचा सियासी घमासान

चारा घोटाले में राजद सुप्रीमो लालू यादव को दोषी ठहराए जाने के बाद प्रियंका गांधी ने एक ऐसा ट्वीट किया जिसको लेकर सियासी घमासान मच गया प्रियंका के ट्वीट से नाराज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए जहां कांग्रेस की समझ पर सवाल उठा दिया वहीं यह भी कह दिया कि अदालत में विचाराधीन किसी मामले पर इस तरह की टिप्पणी पर आश्चर्य हो रहा है।’

दरअसल 15 फरवरी को लालू के डोरंडा कोषागार केस में दोषी करार दिए जाने के तीन दिन बाद प्रियंका गांधी ने एक ट्वीट किया। इस ट्वीट में उन्होंने लिखा 'बीजेपी की राजनीति का ये अहम पहलू है कि जो भी उनके सामने झुकता नहीं है, उसको हर तरह से प्रताड़ित किया जाता है। लालू प्रसाद यादव जी पर इसी राजनीति के चलते हमला किया जा रहा है। मुझे आशा है कि उन्हें न्याय जरूर मिलेगा।' प्रियंका के इसी ट्वीट की आलोचना करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि लालू यादव को चारा घोटाले से जुड़े कुछ मामलों में अदालत की ओर से पहले भी सजा सुनाई जा चुकी है।ऐसे में इस पर किसी प्रकार की टिप्पणी करने की आवश्यक्ता ही नहीं है। वहीं भाजपा ने भी प्रियंका गांधी के ट्वीट पर करारा हमला बोला है।

बीजेपी प्रवक्ता मनोज शर्मा ने कहा कि प्रियंका गांधी का लालू यादव के प्रति सहानुभूति समझने लायक हैं लेकिन राजद सुप्रीमो की आड़ में भाजपा पर हमला करके उन्होंने अपनी नासमझी का परिचय दे दिया है।बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि प्रियंका गांधी को शायद लालू यादव के इतिहास के बारे में नहीं मालूम है। बिहार में कांग्रेस कल भी लालू यादव के हाथ की कठपुतली थी और आज वह तेजस्वी यादव के हाथ की कठपुतली है। चूंकि प्रियंका गांधी को राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा पर हमला करने का कोई मौका नहीं मिल रहा है तो उन्होंने लालू यादव का सहारा ले लिया है। बहरहाल प्रियंका का ये ट्वीट सुर्खियों में बना हुआ है। विरोधी दल जहां इसे कोर्ट के फैसले की अवमानना और और भ्रष्टाचार के समर्थन के रूप में प्रचारित कर रहे हैं वहीं कांग्रेस फिलहाल मौन है।