एशिया कप में भारत-पाक मैच पर AAP का हंगामा– केजरीवाल बोले, क्या मोदी ट्रम्प के दबाव में झुक रहे हैं?
एशिया कप 2025 में भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर दिल्ली में AAP का बड़ा विरोध। अरविंद केजरीवाल ने पीएम मोदी पर ट्रम्प के दबाव में झुकने का आरोप लगाया। पढ़ें सौरभ भारद्वाज का बयान।
दिल्ली में आम आदमी पार्टी (AAP) नेताओं ने एशिया कप 2025 में होने वाले भारत-पाकिस्तान मुकाबले के खिलाफ जबरदस्त प्रदर्शन किया। पार्टी नेताओं का कहना है कि सरकार क्रिकेट और आतंकवाद को अलग रखकर देश की भावनाओं से खिलवाड़ कर रही है।
केजरीवाल का पीएम मोदी पर सीधा हमला
AAP संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स (X) पर पीएम मोदी को घेरा। उन्होंने सवाल किया – आखिर पाकिस्तान के साथ मैच करवाने की क्या जरूरत है? पूरा देश इसके खिलाफ है, फिर भी सरकार इसे क्यों करा रही है?
केजरीवाल ने तंज कसते हुए यह भी लिखा – क्या यह मैच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के दबाव में कराया जा रहा है? आखिर ट्रम्प के आगे कितना झुकेंगे?
सौरभ भारद्वाज का आक्रामक बयान
AAP दिल्ली अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने भी सरकार को कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा – पहलगाम हमले में हमारी 26 बहनों का सिंदूर मिट गया। सरकार ने कहा था कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ चलाया जाएगा। फिर हमारी टीम आतंकियों को पनाह देने वाले देश के साथ कैसे क्रिकेट खेल सकती है?
उन्होंने सरकार के पुराने बयानों को याद दिलाते हुए सवाल किया – जब यह कहा जाता था कि व्यापार और आतंकवाद साथ-साथ नहीं चल सकते, तो क्रिकेट और आतंकवाद कैसे साथ-साथ चल सकते हैं?
AAP ने दी आंदोलन की चेतावनी
AAP नेताओं ने पाकिस्तान के खिलाफ क्रिकेट खेलने के फैसले को शहादत और जनता की भावनाओं का अपमान करार दिया। पार्टी ने मांग की कि सरकार तुरंत यह मैच रद्द करे। साथ ही चेतावनी दी कि अगर फैसला वापस नहीं लिया गया, तो विरोध और तेज होगा।


आँखें न्यूज़ 24 




