उड़ान के तुरंत बाद मौत का मंजर: 110 सैनिकों वाला सैन्य विमान क्रैश
कोलंबिया में 110 सैनिकों को लेकर उड़ान भरते ही हरक्यूलिस सी-130 विमान क्रैश हो गया. जानिए पूरा मामला, कहां और कैसे हुआ हादसा.
दक्षिण अमेरिकी देश कोलंबिया में सोमवार को एक बड़ा सैन्य विमान हादसा हो गया, जिसने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया. जानकारी के मुताबिक, वायुसेना का हरक्यूलिस सी-130 विमान उड़ान भरते ही दुर्घटनाग्रस्त हो गया. स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया कि इस विमान में करीब 110 सैनिक सवार थे. हादसा इतना अचानक हुआ कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला.
सीमा के पास हुआ हादसा
रक्षा मंत्रालय की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार यह विमान देश के दक्षिणी अमेज़न क्षेत्र में स्थित प्यूर्टो लेगुइज़ामो से उड़ान भर रहा था. यह इलाका पेरू की सीमा के बेहद करीब है. बताया जा रहा है कि विमान सशस्त्र बलों के जवानों को एक स्थान से दूसरे स्थान ले जा रहा था, तभी यह हादसा हो गया. दुर्घटना स्थल एक शहरी इलाके से महज 3 किलोमीटर की दूरी पर बताया जा रहा है.
कारणों का अभी तक नहीं चला पता
रक्षा मंत्री पेड्रो सांचेज ने कहा है कि अभी तक न तो मृतकों की सही संख्या की पुष्टि हो पाई है और न ही दुर्घटना के कारण स्पष्ट हो सके हैं. प्रशासन और राहत टीमें मौके पर पहुंचकर स्थिति का आकलन कर रही हैं. हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया है.
पहले भी हो चुके हैं ऐसे हादसे
गौरतलब है कि हाल के समय में हरक्यूलिस सी-130 जैसे सैन्य विमानों के साथ यह कोई पहली घटना नहीं है. इससे पहले फरवरी के अंत में बोलीविया में भी इसी तरह का एक विमान हादसा हुआ था, जिसमें कई लोगों की जान चली गई थी और दर्जनों घायल हुए थे. इस तरह की घटनाएं सैन्य विमानन सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं.


आँखें न्यूज़ 24 




