Bihar Board Inter Result 2026: फिर चमकी बेटियां, टॉपर्स ने रचा नया रिकॉर्ड
बिहार बोर्ड इंटरमीडिएट रिजल्ट 2026 जारी, 85.19% छात्र पास, बेटियों ने फिर मारी बाजी। जानें साइंस, कॉमर्स और आर्ट्स टॉपर्स की पूरी लिस्ट।
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 का परिणाम जारी कर दिया है। इस बार कुल 85.19 प्रतिशत परीक्षार्थी सफल हुए हैं। शिक्षा मंत्री सुशील कुमार और बीएसईबी अध्यक्ष आनंद किशोर ने संयुक्त रूप से प्रेस कॉन्फ्रेंस कर नतीजों की घोषणा की और परीक्षा से जुड़ी अहम जानकारी साझा की।
छात्र-छात्राएं अपना परिणाम बिहार बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर रोल कोड और रोल नंबर के जरिए देख सकते हैं। रिजल्ट जारी होते ही वेबसाइट पर छात्रों की भीड़ देखी गई, क्योंकि लाखों परीक्षार्थी अपने नतीजों का इंतजार कर रहे थे।
बेटियों का दबदबा, फिर मारी बाजी
इस साल भी बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लड़कों को पीछे छोड़ दिया है। जहां लड़कों का पास प्रतिशत 84.09 रहा, वहीं लड़कियों ने 86.23 प्रतिशत के साथ बाजी मारी। कुल 26 टॉपर्स में 19 लड़कियां शामिल हैं, जो इस बात का संकेत है कि बेटियां लगातार शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं।
साइंस में आदित्य टॉपर, दो छात्राएं दूसरे स्थान पर
अगर टॉपर्स की बात करें तो साइंस स्ट्रीम में समस्तीपुर के आदित्य प्रकाश ने 96.20 प्रतिशत अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया है। वहीं सीतामढ़ी की साक्षी कुमारी और नवादा की सपना कुमारी ने 479 अंकों के साथ संयुक्त रूप से दूसरा स्थान हासिल किया है।
कॉमर्स और आर्ट्स में भी बेटियों का जलवा
कॉमर्स स्ट्रीम में पटना की अदिति कुमारी ने 96 प्रतिशत अंकों के साथ टॉप किया है, जबकि आर्ट्स स्ट्रीम में गया की निशु कुमारी ने 95.80 प्रतिशत अंक हासिल कर राज्य में पहला स्थान प्राप्त किया है। अलग-अलग स्ट्रीम में छात्रों का प्रदर्शन इस बार काफी प्रभावशाली रहा है।


आँखें न्यूज़ 24 




