दिल्ली आग त्रासदी: पालम की इमारत में जिंदा जले 9 लोग, चीखों से दहला इलाका
दिल्ली के पलम इलाके में पांच मंजिला इमारत में लगी भीषण आग में 9 लोगों की मौत, कई घायल. जानिए पूरी घटना, रेस्क्यू ऑपरेशन और आग लगने की वजह.
दिल्ली के पलम इलाके में बुधवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जब रामफल चौक के पास स्थित पांच मंजिला इमारत में अचानक भीषण आग भड़क उठी. आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा भवन धुएं और लपटों में घिर गया. इस हादसे में नौ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जिनमें तीन मासूम बच्चे भी शामिल हैं. आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग को भारी मशक्कत करनी पड़ी और करीब 30 गाड़ियों को मौके पर भेजना पड़ा.
रेस्क्यू में निकले 10 लोग, 9 की मौत
हादसे के दौरान राहत और बचाव कार्य तेजी से चलाया गया. रेस्क्यू टीम ने इमारत से कुल 10 लोगों को बाहर निकाला, लेकिन उनमें से 9 लोगों की जान नहीं बचाई जा सकी. कई अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिन्हें अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. अधिकारियों का कहना है कि मृतकों की संख्या बढ़ भी सकती है.
ठंडा होने के बाद फिर चलेगा सर्च ऑपरेशन
दमकल विभाग के डिप्टी फायर चीफ एस के दुआ के मुताबिक, फिलहाल इमारत को ठंडा करने का काम जारी है. आग की तीव्रता कम होने के बाद दोबारा सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि अंदर कोई और फंसा तो नहीं है. धुएं का गुबार अभी भी उठ रहा है, जिससे राहत कार्य में दिक्कतें आ रही हैं.
गोवा गए लोग बचे, घर वाले फंसे आग में
बताया जा रहा है कि इस इमारत में करीब 22 लोग रहते थे, जिनमें से 10 से 12 लोग उस समय गोवा घूमने गए हुए थे. जो लोग घर में मौजूद थे, वही आग की चपेट में आ गए. आग लगते ही अफरा-तफरी मच गई और जान बचाने के लिए दो लोगों ने इमारत से छलांग लगा दी, जिससे वे घायल हो गए.
दुकान और घर एक ही इमारत में, बढ़ा खतरा
इमारत की संरचना भी हादसे की गंभीरता को बढ़ाने वाली रही. बेसमेंट और निचले फ्लोर पर कपड़ों और कॉस्मेटिक की दुकानें थीं, जबकि ऊपर की मंजिलों पर लोग रहते थे. जानकारी के अनुसार, हाल ही में बड़ी मात्रा में कपड़ों का स्टॉक बेसमेंट में रखा गया था, जो आग में पूरी तरह जलकर राख हो गया.
आग के कारणों की जांच जारी
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट या ज्वलनशील सामान की वजह से यह हादसा हुआ होगा. इससे पहले भी राजधानी के द्वारका इलाके में एक इमारत में आग लगने की घटना सामने आई थी, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं.


आँखें न्यूज़ 24 




