हथिनी के बच्चे को जन्म देने के लिए 2 घंटे रुकी ट्रेन: झारखंड में इंसानियत और प्रकृति का शानदार नज़ारा

झारखंड में बरकाकाना-हजारीबाग रेलवे ट्रैक पर हथिनी के बच्चे को जन्म देने के लिए ट्रेन 2 घंटे रुकी। जानें इंसानियत और प्रकृति के सौहार्द का ये अनोखा किस्सा।

हथिनी के बच्चे को जन्म देने के लिए 2 घंटे रुकी ट्रेन: झारखंड में इंसानियत और प्रकृति का शानदार नज़ारा

भारत में ट्रेन का लेट होना कोई नई बात नहीं, लेकिन झारखंड की यह घटना अलग थी। यहां इंसान और जानवर के सौहार्दपूर्ण सह-अस्तित्व की मिसाल देखने को मिली।

झारखंड के बरकाकाना–हजारीबाग रेलवे ट्रैक पर एक हथिनी को डिलीवरी पेन शुरू हुआ। वह ट्रैक पर ही लेट गई। उसी दौरान एक मालगाड़ी वहां पहुंचने वाली थी। मगर ड्राइवर ने और रेलवे अधिकारियों ने धैर्य और समझदारी दिखाते हुए करीब दो घंटे तक ट्रेन रोक दी — ताकि हथिनी अपने बच्चे को सुरक्षित जन्म दे सके।

वीडियो हुआ वायरल, मंत्री ने की तारीफ
पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने इस घटना का वीडियो अपने X (Twitter) अकाउंट पर शेयर किया। उन्होंने लिखा — रेलवे और वन विभाग की टीमों ने जिस संवेदनशीलता के साथ हथिनी और उसके बच्चे की सुरक्षा सुनिश्चित की, वह दिल को छू लेने वाला उदाहरण है। ट्रेन ऑपरेटर ने धैर्यपूर्वक इंतजार किया और हथिनी के बच्चे के जन्म के बाद ट्रेन आगे बढ़ी।

मंत्री ने यह भी बताया कि रेलवे और पर्यावरण मंत्रालय ने अब तक 3,500 किमी रेलवे ट्रैक का सर्वे कर 110 संवेदनशील स्थानों की पहचान की है ताकि हाथियों के साथ ऐसी दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

कहां हुई घटना?
यह दिलचस्प वाकया झारखंड के बरकाकाना और हजारीबाग रेलवे स्टेशन के बीच के जंगलों में हुआ। इस लाइन का मुख्य उपयोग मालगाड़ियों के लिए होता है। इसलिए दो घंटे की देरी से यात्रियों को कोई असुविधा नहीं हुई।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना करीब दो हफ्ते पहले, सुबह 3 बजे के आस-पास की है। इलाके में गश्त कर रहे वन अधिकारी ट्रैक पर हथिनी को देख कर समझ गए कि उसे प्रसव पीड़ा हो रही है। उन्होंने तुरंत रेलवे अधिकारियों से संपर्क किया और ट्रेन को रोका।

सोशल मीडिया पर लोगों ने सराहा
इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। लोग रेलवे, ड्राइवर और वन विभाग की इस संवेदनशीलता की तारीफ कर रहे हैं। यह घटना बताती है कि जब इंसान और जानवर के बीच सह-अस्तित्व को महत्व दिया जाए तो नतीजे कितने खूबसूरत होते हैं।