तुर्की में पकड़ा गया भारत का कुख्यात ड्रग माफिया सलीम डोला, दाऊद कनेक्शन से हड़कंप

भारत का कुख्यात ड्रग माफिया सलीम डोला तुर्की में गिरफ्तार हुआ है। उसका संबंध अंतरराष्ट्रीय सिंथेटिक ड्रग नेटवर्क और दाऊद इब्राहिम के अंडरवर्ल्ड से बताया जा रहा है। एजेंसियों को उम्मीद है कि इस गिरफ्तारी से बड़े खुलासे होंगे, हालांकि उसे भारत लाना चुनौती बना हुआ है।

तुर्की में पकड़ा गया भारत का कुख्यात ड्रग माफिया सलीम डोला, दाऊद कनेक्शन से हड़कंप

भारत का मोस्ट वांटेड ड्रग तस्कर सलीम डोला तुर्की में गिरफ्तार कर लिया गया है। भारतीय सुरक्षा एजेंसियों ने इसकी पुष्टि की है। तुर्की की एजेंसियों ने इस्तांबुल में ऑपरेशन चलाकर उसे दबोचा। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ड्रग तस्करी का नेटवर्क चला रहा था।

कई देशों में फैला था सिंथेटिक ड्रग्स का जाल
सूत्रों के मुताबिक, सलीम डोला ग्लोबल सिंथेटिक ड्रग नेटवर्क का बड़ा खिलाड़ी था। उसका नेटवर्क कई देशों तक फैला हुआ था और भारत में भी ड्रग सप्लाई का मजबूत चैनल संचालित कर रहा था। एजेंसियां मान रही हैं कि उसकी गिरफ्तारी से अंतरराष्ट्रीय ड्रग रैकेट की कई परतें खुल सकती हैं।

अंडरवर्ल्ड कनेक्शन से बढ़ी चिंता
जांच एजेंसियों के अनुसार, सलीम डोला के तार भारत के मोस्ट वांटेड अंडरवर्ल्ड सरगना दाऊद इब्राहिम के नेटवर्क से जुड़े बताए जा रहे हैं। यही वजह है कि उसकी गिरफ्तारी को सुरक्षा एजेंसियां बेहद अहम मान रही हैं।

मुंबई और खाड़ी देशों से चलाता था नेटवर्क
सलीम डोला पहले मुंबई और बाद में दुबई से अपने ड्रग सिंडिकेट को ऑपरेट कर रहा था। अक्टूबर 2025 में मुंबई क्राइम ब्रांच ने उसके करीबी सहयोगी को दुबई से भारत लाकर गिरफ्तार किया था। इसके बाद नवंबर 2025 में उसके बेटे और परिवार के अन्य सदस्यों को भी पकड़ लिया गया था।

रेड कॉर्नर नोटिस और इनाम पहले से घोषित
नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने सलीम डोला पर 1 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी था। बताया जा रहा है कि उसके पास सऊदी अरब का पासपोर्ट था और वह दुबई से ही पूरे नेटवर्क को कंट्रोल करता था।

भारत लाने की प्रक्रिया आसान नहीं
सूत्रों के मुताबिक, जिस देश में उसकी गिरफ्तारी हुई है, वहां से सीधे प्रत्यर्पण संभव नहीं है। ऐसे में भारतीय एजेंसियां संयुक्त अरब अमीरात के जरिए उसे भारत लाने की कोशिश में जुटी हैं।