एशिया कप 2025: भारत की जीत के बाद विवाद, क्यों टीम इंडिया ने पाकिस्तानी टीम से नहीं मिलाया हाथ?

एशिया कप 2025 में भारत की पाकिस्तान पर जीत के बाद बड़ा विवाद हुआ। सूर्यकुमार यादव और टीम इंडिया ने मैच के बाद पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया। जानिए सूर्या का बयान, पाकिस्तान की शिकायत और ICC के नियम।

एशिया कप 2025: भारत की जीत के बाद विवाद, क्यों टीम इंडिया ने पाकिस्तानी टीम से नहीं मिलाया हाथ?
सूर्यकुमार यादव और शिवम दुबे

एशिया कप 2025 (Asia Cup 2025) में 14 सितंबर को भारत और पाकिस्तान के बीच हुआ हाई-वोल्टेज मुकाबला जितना रोमांचक रहा, उतना ही मैच के बाद का विवाद भी सुर्खियों में है। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) ने जैसे ही विजयी छक्का जड़ा, वे और शिवम दुबे बिना समय गंवाए सीधे पवेलियन की ओर बढ़ गए। पूरी भारतीय टीम उनके पीछे-पीछे मैदान छोड़कर ड्रेसिंग रूम चली गई। खास बात यह रही कि परंपरा के मुताबिक भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी टीम के खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया।

पाकिस्तान हैरान, टीम इंडिया ने दरवाजा बंद किया
आमतौर पर क्रिकेट में मैच के बाद खिलाड़ी हाथ मिलाकर खेल भावना दिखाते हैं। लेकिन इस बार भारतीय टीम ने ऐसा नहीं किया। पाकिस्तानी खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ भारतीय खिलाड़ियों का इंतजार करते रहे, मगर टीम इंडिया ने ड्रेसिंग रूम का दरवाजा बंद कर लिया। इतना ही नहीं, टॉस के वक्त भी सूर्यकुमार यादव और पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा ने हैंडशेक से परहेज किया था।

सूर्या का बयान: 'जीत भारतीय सेना को समर्पित'
विवाद बढ़ने पर कप्तान सूर्यकुमार यादव ने साफ कहा कि उनकी टीम केवल खेल पर ध्यान केंद्रित करने आई थी। उन्होंने कहा— जीवन में कुछ चीजें खिलाड़ी की भावना से ऊपर होती हैं। यह जीत हम पहलगाम आतंकी हमले में शहीद हुए जवानों और उनके परिवारों को समर्पित करते हैं। हमारी पूरी टीम भारतीय सेना और ऑपरेशन सिंदूर को सफल बनाने वाले वीरों के साथ खड़ी है।

पाकिस्तान ने की आधिकारिक शिकायत
भारतीय खिलाड़ियों के इस रवैये से पाकिस्तान की टीम बेहद नाराज दिखी। टीम मैनेजर नवीद अख्तर चीमा ने भारतीय टीम के खिलाफ आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट पर भी सवाल उठाए, जिनके बारे में आरोप है कि उन्होंने टॉस के समय दोनों टीमों से हैंडशेक न करने का अनुरोध किया था।

ICC के नियम क्या कहते हैं?
दिलचस्प बात यह है कि ICC के नियमों (ICC Code of Conduct) में खिलाड़ियों के लिए हैंडशेक करना अनिवार्य नहीं है। यह सिर्फ खेल भावना की परंपरा मानी जाती है।

अगर कोई खिलाड़ी जानबूझकर हाथ मिलाने से इनकार करता है तो इसे खेल भावना के विरुद्ध आचरण माना जा सकता है। आचार संहिता का अनुच्छेद 2.1.8 इस तरह के व्यवहार को Level-1 या Level-2 offence मानता है।

Level-1 अपराध: चेतावनी या 2,000 डॉलर तक का जुर्माना।
Level-2 अपराध: मैच फीस का 100% जुर्माना और डिमेरिट प्वाइंट्स।

अगर किसी खिलाड़ी के 24 महीनों में 4 या उससे ज्यादा डिमेरिट अंक हो जाएं, तो उस पर मैच बैन भी लगाया जा सकता है।