तेज प्रताप का बड़ा बयान: ‘मेरे अर्जुन से मुझे अलग करने वालों को मिलेगा करारा जवाब!’

तेज प्रताप यादव ने परिवार और पार्टी से अलग किए जाने के बाद सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट लिखकर बड़ा बयान दिया। तेजस्वी यादव के लिए आशीर्वाद जताते हुए तेज प्रताप ने अंदर-बाहर चल रही ‘जयचंद’ साजिशों का किया खुलासा। जानिए पूरा विवाद और परिवार में मची सियासी हलचल।

तेज प्रताप का बड़ा बयान: ‘मेरे अर्जुन से मुझे अलग करने वालों को मिलेगा करारा जवाब!’
tej pratap yadav and tejashwi yadav (file photo)

बिहार की राजनीति में तेज प्रताप यादव और उनके परिवार के बीच चल रही खींचतान अब एक नए मोड़ पर आ गई है। हाल ही में RJD सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव को पार्टी और परिवार दोनों से अलग कर दिया गया। इस फैसले के बाद तेज प्रताप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक भावुक और मजबूत पोस्ट लिखकर अपनी चुप्पी तोड़ी है।

‘मेरे अर्जुन से अलग करने की साजिश नाकाम होगी’
उन्होंने लिखा, मेरे अर्जुन से मुझे अलग करने का सपना देखने वालों, तुम कभी अपनी साजिशों में सफल नहीं हो सकोगे। कृष्ण की सेना तो तुम ले सकते हो लेकिन खुद कृष्ण को नहीं। हर साजिश को जल्द बेनकाब करूंगा। बस मेरे भाई भरोसा रखना मैं हर परिस्थिति में तुम्हारे साथ हूं। फिलहाल दूर हूं, लेकिन मेरा आशीर्वाद हमेशा तुम्हारे साथ था और रहेगा। मेरे भाई (तेजस्वी यादव) मम्मी-पापा का ख्याल रखना। जयचंद हर जगह हैं, अंदर भी और बाहर भी हैं।

तेज प्रताप ने मम्मी-पापा से जताई गहरी भावनाएं, कहा– ‘आप ही मेरी दुनिया हो’
इससे पहले, तेज प्रताप ने अपनी मम्मी-पापा के लिए गहरी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा, “मेरे प्यारे मम्मी-पापा... मेरी सारी दुनिया बस आप दोनों में ही समाई है। भगवान से बढ़कर आप हैं। आपका दिया कोई भी आदेश। आप हैं तो सबकुछ मेरे पास है। मुझे सिर्फ आपका विश्वास और प्यार चाहिए, ना कि कुछ और। पापा आप नहीं होते तो ना ये पार्टी होती और ना मेरे साथ राजनीति करने वाले कुछ जयचंद जैसे लालची लोग होते। बस मम्मी-पापा आप दोनों हमेशा स्वस्थ और खुश रहें।

तेज प्रताप को पार्टी से निकाला गया
यह विवाद तब शुरू हुआ था जब 24 मई 2025 को तेज प्रताप यादव ने फेसबुक पर अनुष्का यादव के साथ अपनी तस्वीरें साझा कर दावा किया कि वे पिछले 12 साल से उनके साथ रिलेशनशिप में हैं। कुछ ही देर बाद तेज प्रताप ने इसे अफवाह बताया और कहा कि उनका अकाउंट हैक हो गया था। इसके बाद लालू यादव ने उन्हें पार्टी और परिवार दोनों से बाहर करने का ऐलान किया।

राजनीतिक गलियारों में इस परिवारिक ड्रामे को लेकर सस्पेंस और कयासों का बाजार गर्म है। तेज प्रताप यादव की ओर से ‘जयचंद’ शब्द का प्रयोग खासा चर्चा में है, जो पार्टी के अंदर और बाहर दोनों जगह चल रही साजिशों की ओर इशारा करता है।