रजनीकांत करीबी ने बताया कब तक मिल सकती है अस्पताल से छुट्टी

रजनीकांत  करीबी ने बताया कब तक मिल सकती है अस्पताल से छुट्टी

सुपरस्टार रजनीकांत को गुरुवार की रात को चेन्नई के कावेरी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जैसे ही यह खबर सामने आई उनके फैन्स परेशान हो गए और उनकी सलामती की दुआ करने लगे। अब रजनीकांत के करीबी और अभिनेता वाई जी महेंद्रन ने बताया है कि रजनीकांत की तबीयत फिलहाल ठीक है और वह आराम कर रहे हैं।  

वाई. जी महेंद्रन ने कहा, ‘वह अभी अस्पताल में आराम कर रहे हैं। मुझे उनके इलाज के बारे में नहीं पता है, लेकिन वह ठीक हैं। अन्नात्थे की रिलीज से पहले उन्हें छुट्टी दे दी जाएगी।‘ मालूम हो कि रजनीकांत की आने वाली फिल्म ‘अन्नाथे’ है। फिल्म 4 नवंबर 2021 को रिलीज होगी।

रजनीकांत के अस्पताल में भर्ती होने पर उनकी पत्नी लता ने मीडिया से बात करते हुए कहा था कि यह एक रूटीन चेकअप है। वहीं कई मीडिया रिपोर्ट में यह दावा किया गया कि सीने में दर्द और बेचैनी की शिकायत के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया था।  

इससे पहले बीते साल दिसंबर में ब्लड प्रेशर की समस्या के चलते रजनीकांत को हैदराबाद के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि दो दिनों के भीतर ही उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। हाल ही में रजनीकांत को दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था और उन्होंने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात की थी।