पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए आईबी अधिकारी का पार्थिव शरीर पहुंचा रांची, बाबूलाल मरांडी ने दी श्रद्धांजलि
बिहार के सासाराम के रहने वाले मनीष रंजन के पिता मंगलेश मिश्रा झालदा हिंदी हाई स्कूल के प्रधानाध्यापक थे। वह कुछ साल पहले रिटायर हुए हैं। इसके बाद से पूरा परिवार झालदा में ही रहता है। मनीष रंजन का अंतिम संस्कार रांची से सटे बंगाल के झालदा में किया जाएगा।

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में मारे गए आईबी अधिकारी मनीष रंजन का पार्थिव शरीर आज बिरसा मुंडा एयरपोर्ट रांची लाया गया। इस मौके पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी बिरसा मुंडा एयरपोर्ट रांची पहुंचकर शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान भाजपा के राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा ,रांची महानगर के अध्यक्ष वरुण साहू सहित अन्य नेताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद पार्थिव शरीर को पश्चिम बंगाल के झालदा के लिए रवाना कर दिया गया। मौके पर परिवार वालों ने कहा कि केंद्र सरकार ठोस से ठोस कार्रवाई करें।
दिवंगत मनीष रंजन के भाई विनीत रंजन ने बताया कि मंगलवार को मनीष की मौत की सूचना मिली थी। मनीष रंजन अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ यात्रा पर गए थे। मनीष रंजन मिश्रा की शादी साल 2010 में प्रयागराज के रहने वाली जया से हुई थी। उनके दो बच्चे हैं, जिनमें एक 12 साल का बेटा और 8 साल की बेटी है।
मूल रूप से बिहार के सासाराम के रहने वाले मनीष रंजन के पिता मंगलेश मिश्रा झालदा हिंदी हाई स्कूल के प्रधानाध्यापक थे। वह कुछ साल पहले रिटायर हुए हैं। इसके बाद से पूरा परिवार झालदा में ही रहता है। मनीष रंजन का अंतिम संस्कार रांची से सटे बंगाल के झालदा में किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि जम्मू कश्मीर के पहलगाम में पर्यटक स्थल पर गत मंगलवार को हुए आतंकी हमले में आईबी के अफसर मनीष रंजन की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसमें 26 पर्यटकों की मौत हुई थी।