ब्राह्मणों पर विवादित बयान देने वाले अनुराग कश्यप ने मांगी माफ़ी, बोले- अपनी मर्यादा भूल गया
सोशल मीडिया मंच X पर शेयर किये गए पोस्ट में अनुराग कश्यप ने लिखा है कि मैं गुस्से में किसी को एक जवाब देने में अपनी मर्यादा भूल गया। और पूरे ब्राह्मण समाज को बुरा बोल डाला। वो समाज जिसके तमाम लोग मेरी जिंदगी में रहे हैं, आज भी हैं और बहुत कॉन्ट्रीब्यूट करते हैं।
ब्राह्मणों पर विवादित बयान देने वाले फिल्म मेकर अनुराग कश्यप ने माफ़ी मांग ली है। सोशल मीडिया मंच X पर शेयर किये गए पोस्ट में अनुराग कश्यप ने लिखा है कि मैं गुस्से में किसी को एक जवाब देने में अपनी मर्यादा भूल गया। और पूरे ब्राह्मण समाज को बुरा बोल डाला। वो समाज जिसके तमाम लोग मेरी जिंदगी में रहे हैं, आज भी हैं और बहुत कॉन्ट्रीब्यूट करते हैं। आज वो सब मुझसे आहत हैं। मेरा परिवार मुझसे आहत है। बहुत सारे बुद्धिजीवी, जिनकी मैं इज्जत करता हूं मेरे उस गुस्से में, मेरे बोलने के तरीके से आहत हैं।
पोस्ट में आगे लिखा है कि मैंने खुद ही ऐसी बात करके, अपनी ही बात को मुद्दे से भटका दिया। मैं तहे दिल से माफी मांगता हूं, इस समाज से जिनको मैं ये नहीं कहना चाह रहा था, लेकिन आवेश में किसी की घटिया टिप्पणी का जवाब देते हुए लिख दिया। मैं माफी मांगता हूं अपने उन तमाम सहयोगी दोस्तों से, अपने परिवार से और उस समाज से, अपने बोलने के तरीके के लिए, अभद्र भाषा के लिए। अब आगे से ऐसा न हो, मैं उस पर काम करूंगा। अपने गुस्से पर काम करूंगा। और मुद्दे की बात अगर करनी हो तो सही शब्दों का इस्तेमाल करूंगा। आशा है आप मुझे माफ कर देंगे।
बता दें कि अनुराग कश्यप अनंत महादेवन की अपकमिंग फिल्म "फुले" पर CBFAC द्वारा की गई कांट-छाट से नाराज होकर उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर ब्राह्मण समुदाय पर आपत्तिजनक कमेंट किया, जिसके बाद समाज में भारी आक्रोश फैल गया।







