अमेरिका जाने का सपना होगा महंगा: 2026 से वीजा फीस 40 हजार रुपये तक, नए 'Visa Integrity Fee' का असर

2026 से अमेरिका का वीजा लेना महंगा हो जाएगा। अमेरिका सरकार ने Non-Immigrant Visa के लिए नया Visa Integrity Fee लागू किया है, जिससे भारतीय छात्रों, टूरिस्ट्स और वर्कर्स को करीब 40,000 रुपये देने होंगे। जानें पूरी डिटेल और सलाह।

अमेरिका जाने का सपना होगा महंगा: 2026 से वीजा फीस 40 हजार रुपये तक, नए 'Visa Integrity Fee' का असर
प्रतीकात्मक तस्वीर

अगर आप भी अमेरिका जाने (USA Visa) का प्लान बना रहे हैं तो यह खबर आपके लिए अहम है। 2026 से अमेरिका का वीजा लेना महंगा हो जाएगा। अमेरिका सरकार ने सभी ग़ैर-आप्रवासी वीज़ा (Non-Immigrant Visa) के लिए एक नया शुल्क Visa Integrity Fee जोड़ने का फैसला किया है। इस बढ़ोतरी के बाद भारतीयों को करीब 40,000 रुपये तक वीजा फीस चुकानी पड़ेगी।

ईटी की रिपोर्ट के मुताबिक, नया कानून 4 जुलाई 2025 से लागू हुआ है और फीस 2026 से प्रभावी होगी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के 'वन बिग ब्यूटीफुल बिल' (One Big Beautiful Bill) के तहत लागू यह शुल्क भारतीय छात्रों, टूरिस्ट्स और तकनीकी कंपनियों के लिए एक नई चुनौती लेकर आया है।

कितनी होगी नई वीजा फीस?
वर्तमान में अमेरिकी वीजा फीस करीब 16,000–17,000 रुपये होती है। लेकिन 2026 से यह 472 डॉलर (करीब 40,456 रुपये) हो जाएगी। इसमें शामिल होंगे:
- Visa Integrity Fee: 250 डॉलर (21,000 रुपये)
- I-94 चार्ज: 24 डॉलर (2,000 रुपये)
- ESTA चार्ज: 13 डॉलर (1,000 रुपये)
- मौजूदा बेसिक एप्लिकेशन फीस

यह शुल्क इन वीजा कैटेगरी पर लागू होगा:
- टूरिस्ट/बिज़नेस (B-1/B-2)
- स्टूडेंट्स (F/M)
- वर्क वीजा (H-1B)
- एक्सचेंज वीजा (J)

क्यों लिया जा रहा है नया शुल्क?
अमेरिकी सरकार ने इसे Visa Integrity Fee यानी एक तरह का सिक्योरिटी डिपॉजिट बताया है। अगर कोई वीज़ा होल्डर तय अवधि के 5 दिन के भीतर अमेरिका छोड़ देता है और वीज़ा एक्सटेंशन या बदलाव के लिए आवेदन नहीं करता तो यह राशि वापस की जा सकती है।

छात्रों और प्रोफेशनल्स पर क्या असर पड़ेगा?
- नई फीस भारतीय छात्रों और यात्रियों के लिए महंगी और चुनौतीपूर्ण होगी।
- IT कंपनियों को अपने इंजीनियरों को अमेरिका भेजने में ज्यादा खर्च करना पड़ेगा।
- वीज़ा प्रोसेसिंग की लागत लगभग ढाई गुनी हो जाएगी।

विशेषज्ञ सलाह
अगर आप अमेरिका जाने का प्लान कर रहे हैं तो 2026 से पहले वीजा अपॉइंटमेंट ले लें। इससे आप नए शुल्क से बच सकते हैं।