बिहार में त्योहारों पर सुरक्षा अलर्ट: ईद मिलाद, अनंत चतुर्दशी और विश्वकर्मा पूजा के लिए गाइडलाइन, जुलूस पर सख्ती; डीजे बैन

बिहार में ईद मिलाद-उन-नबी, अनंत चतुर्दशी और विश्वकर्मा पूजा को लेकर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। जुलूस निकालने के लिए लाइसेंस अनिवार्य होगा और डीजे पर पूरी तरह रोक रहेगी। पितृपक्ष मेले में भी अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।

बिहार में त्योहारों पर सुरक्षा अलर्ट: ईद मिलाद, अनंत चतुर्दशी और विश्वकर्मा पूजा के लिए गाइडलाइन, जुलूस पर सख्ती; डीजे बैन
प्रतीकात्मक तस्वीर

बिहार में आने वाले दिनों में कई बड़े पर्व और त्योहार मनाए जाएंगे। ऐसे में राज्य सरकार ने कानून-व्यवस्था को लेकर कड़े इंतज़ाम किए हैं। 5 सितंबर को ईद मिलाद-उन-नबी, 6 सितंबर को अनंत चतुर्दशी और 17 सितंबर को विश्वकर्मा पूजा को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं।

जुलूस के लिए लाइसेंस जरूरी
एडीजी (विधि-व्यवस्था) पंकज कुमार दराद ने कहा कि अब किसी भी जुलूस को निकालने से पहले स्थानीय प्रशासन से लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा। प्रशासन ने सभी जिलों को निर्देश दिया है कि शांति समिति की बैठक के बाद ही जुलूस की इजाजत दी जाए।

गणेश विसर्जन पर सख्ती
अनंत चतुर्दशी पर गणेश प्रतिमा विसर्जन का आयोजन होगा। इस मौके पर किसी भी जुलूस में डीजे बजाने पर पूरी तरह रोक रहेगी। पुलिस ने साफ कहा है कि इसका उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई होगी।

रूट और सुरक्षा इंतजाम
जिन शहरों में जुलूस निकलेंगे, वहां का रूट पहले से तय कर लिया जाएगा। पुलिस अधिकारी पूरे मार्ग का भौतिक सत्यापन करेंगे। संवेदनशील इलाकों की पहचान कर वहां अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। सभी जुलूस की वीडियोग्राफी अनिवार्य होगी, जबकि नदी घाटों पर विसर्जन के लिए गोताखोरों की तैनाती कर दी गई है।

कंट्रोल रूम और अफवाहों पर निगरानी
एडीजी दराद ने बताया कि जिला स्तर से लेकर मुख्यालय तक सभी कंट्रोल रूम 24×7 काम करेंगे। हर चार घंटे में स्थिति की रिपोर्ट ली जाएगी। सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जाएगी ताकि कोई भी भ्रामक अफवाह न फैल सके। उन्होंने कहा कि संदिग्ध लोगों पर निरोधात्मक कार्रवाई पहले ही की जा चुकी है।

पितृपक्ष मेले में बड़ी सुरक्षा व्यवस्था
6 से 21 सितंबर तक पितृपक्ष मेला भी आयोजित हो रहा है। इसे देखते हुए भारी सुरक्षा बल की तैनाती की गई है।
- 395 पुलिस पदाधिकारी
- 1600 सिपाही
- 800 गृहरक्षक
- 5 कंपनी सशस्त्र बल
- 2 ट्रूप अश्वारोही बल
- 2 अश्रु गैस दस्ता
- 1 दंगा निरोधक कंपनी
- 2 बम निरोधक दस्ता

इस अतिरिक्त बल के साथ प्रशासन ने साफ कर दिया है कि त्योहारों और मेलों के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था से किसी भी तरह का समझौता नहीं होगा।