VIP इलाका और महिला सांसद भी सुरक्षित नहीं! दिल्ली के चाणक्यपुरी में मॉर्निंग वॉक कर रहीं MP से चेन स्नैचिंग
दिल्ली के हाई सिक्योरिटी चाणक्यपुरी में तमिलनाडु की महिला सांसद सुधा रामकृष्णन के साथ चेन स्नैचिंग की वारदात, पुलिस की सुरक्षा पर गंभीर सवाल।
दिल्ली के वीवीआईपी इलाके चाणक्यपुरी से सोमवार सुबह एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जिसने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। तमिलनाडु की माइलादुथुरई सीट से कांग्रेस सांसद सुधा रामकृष्णन जब सुबह करीब 6 बजे मॉर्निंग वॉक पर निकलीं, तो एक बाइक सवार बदमाश उनकी सोने की चेन झपटकर फरार हो गया।
यह घटना उस हाई सिक्योरिटी डिप्लोमैटिक एन्क्लेव में हुई जहां देश-विदेश के दूतावास, राज्यों के गेस्ट हाउस और वीआईपी इमारतें स्थित हैं। सांसद ने बताया कि "मैंने सोचा था यहां सुरक्षा पुख्ता है, इसलिए बेफिक्र होकर वॉक पर निकली थी। लेकिन बदमाश ने निडरता से हमला किया और कंधा खींचकर चेन छीन ली।"
छीना-झपटी में सांसद को कंधे पर चोट भी आई। इसके बाद कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी खुद उन्हें अस्पताल लेकर गईं और फिर लोकसभा स्पीकर से मिलकर शिकायत दर्ज कराई। स्पीकर ने मौके पर ही दिल्ली पुलिस कमिश्नर को कॉल कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
अगर महिला सांसद सुरक्षित नहीं, तो आम लोगों का क्या होगा?
सांसद सुधा ने कहा कि, "यह केवल मेरी नहीं, बल्कि देश की हर महिला की सुरक्षा का मुद्दा है। अगर देश की राजधानी के सबसे सिक्योर इलाके में भी महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं, तो यह देश की छवि पर भी सवाल उठाता है। मैं इसे संसद में उठाऊंगी।"
जांच में जुटी पुलिस, 10 टीमें गठित
घटना के बाद दिल्ली पुलिस हरकत में आई है। 10 से अधिक टीमें, सीसीटीवी फुटेज और कॉल डंप डेटा खंगाल रही हैं। डीसीपी खुद मॉनिटरिंग कर रहे हैं क्योंकि मामला हाई-प्रोफाइल है। लेकिन फिलहाल बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिला है। तमिलनाडु भवन और आसपास के इलाकों की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है।
सवाल जो उठ रहे हैं:
- संसद सत्र के दौरान चाणक्यपुरी जैसी जगह पर ऐसी वारदात कैसे हो गई?
- क्या दिल्ली पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था केवल कागज़ों पर सख्त है?
- जब एक महिला सांसद ही सुरक्षित नहीं तो आम महिलाओं की सुरक्षा कैसे होगी?
- क्या राजधानी में क्राइम कंट्रोल पूरी तरह फेल हो चुका है?


आँखें न्यूज़ 24 




