दिल्ली और बॉम्बे हाई कोर्ट को बम ब्लास्ट की धमकी, दोनों न्यायालयों में मचा हड़कंप

दिल्ली और बॉम्बे हाई कोर्ट को शुक्रवार (12 सितंबर 2025) को धमकी भरे ईमेल मिले, जिनमें जज रूम में बम होने की बात कही गई। पुलिस ने दोनों हाई कोर्ट खाली कराए और बम निरोधक दस्ते तैनात कर दिए। दिल्ली पुलिस ने मेल को "हॉक्स कॉल" बताया।

दिल्ली और बॉम्बे हाई कोर्ट को बम ब्लास्ट की धमकी, दोनों न्यायालयों में मचा हड़कंप
दिल्ली हाई कोर्ट कोर्ट परिसर

दिल्ली हाई कोर्ट और बॉम्बे हाई कोर्ट दोनों जगह शुक्रवार (12 सितंबर 2025) को हड़कंप मच गया जब पुलिस को धमकी भरे ईमेल मिले। मेल में दावा किया गया कि जजों के कमरे में बम रखे गए हैं और कोर्ट परिसर को दोपहर 2 बजे तक खाली करने की चेतावनी दी गई।

दिल्ली हाई कोर्ट में अफरा-तफरी, पुलिस ने तुरंत खाली कराया परिसर
दिल्ली हाई कोर्ट में धमकी भरे मेल की सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां हरकत में आ गईं। तुरंत कोर्ट परिसर खाली कराया गया और जजों, वकीलों व स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकाला गया। हालांकि जांच के बाद दिल्ली पुलिस ने इस मेल को “हॉक्स कॉल” बताया और कहा कि इसमें कोई सच्चाई नहीं मिली।

बॉम्बे हाई कोर्ट को भी धमकी, बम निरोधक दस्ते ने संभाली कमान
दिल्ली की घटना के कुछ ही देर बाद मुंबई स्थित बॉम्बे हाई कोर्ट को भी धमकी भरा ईमेल मिला। इसके बाद सुरक्षा बढ़ा दी गई और कोर्ट परिसर में बम निरोधक दस्ते (Bomb Squad) और मुंबई पुलिस की टीम तैनात कर दी गई। पूरे कोर्ट परिसर और आसपास के इलाकों की तलाशी ली जा रही है।

मेल में पाकिस्तान-तमिलनाडु कनेक्शन का जिक्र
धमकी भरे ईमेल में यह भी लिखा था कि “पवित्र शुक्रवार विस्फोट पाकिस्तान-तमिलनाडु की मिलीभगत से होंगे।” इस मेल ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता और बढ़ा दी है। फिलहाल पुलिस साइबर सेल मेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी हुई है।