दहेज की बलि चढ़ी तनु: ससुरालवालों ने 10 फीट गड्ढे में दफनाया, पुलिस ने शव बरामद किया
फरीदाबाद में दहेज के लिए ससुरालवालों ने अपनी बहू तनु की हत्या कर दी और शव को गली में 10 फीट नीचे दफना दिया। जानें इस दर्दनाक घटना की पूरी कहानी।
फरीदाबाद के पल्ला इलाके से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां दहेज की वजह से एक नवविवाहिता की हत्या कर दी गई। तनु नाम की इस युवती का शव उसके ससुरालवालों ने 10 फीट गहरे गड्ढे में दफन कर दिया।
दहेज की लालच ने ले ली जान
उत्तर प्रदेश के शिकोहाबाद की रहने वाली तनु की शादी दो साल पहले फरीदाबाद के रोशन नगर निवासी अरुण से हुई थी। तनु के परिजनों का आरोप है कि शादी के तुरंत बाद ही ससुराल पक्ष उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगा। सोने के गहने और नकदी की मांग लगातार बढ़ती रही।
शादी के एक साल के अंदर ही तनु मायके लौट आई, क्योंकि वह अपने ससुरालवालों की प्रताड़ना सहन नहीं कर पाई। कुछ समय बाद मायकेवालों ने उसे जैसे-तैसे ससुराल भेजा, लेकिन वहां उसकी मुश्किलें और बढ़ गईं।
शव गली में दफनाया
तनु की हत्या के बाद ससुरालवालों ने उसके शव को छुपाने के लिए गली में 10 फीट गहरा गड्ढा खुदवाया। पड़ोसियों ने बताया कि गड्ढा खुदवाने के पीछे यह बहाना बनाया गया कि घर का वेस्ट पानी निकासी के लिए जगह चाहिए। तीन दिन बाद ससुरालवालों ने दावा किया कि तनु घर से भाग गई है।
परिवार का संघर्ष और पुलिस की निष्क्रियता
तनु की बहन प्रीति ने बताया कि जब ससुरालवालों ने तनु के गायब होने की खबर दी, तो उन्होंने तुरंत नवीन नगर पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई। लेकिन पुलिस ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
दो महीने तक कोई कार्रवाई नहीं होने के बाद, आखिरकार पुलिस ने एक सप्ताह पहले गुमशुदगी की शिकायत पर संज्ञान लिया। सूचना मिलने पर परिजन फरीदाबाद पहुंचे, जहां पुलिस ने जेसीबी की मदद से गड्ढा खोदकर तनु का शव बरामद किया।
ससुराल पक्ष के खिलाफ केस दर्ज
पुलिस ने तनु के ससुराल पक्ष के चारों सदस्यों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। डीसीपी सेंट्रल ऊषा कुंडू ने कहा कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा।


आँखें न्यूज़ 24 




