पटना में उद्योगपति की हत्या से गरमाई राजनीति: तेजस्वी का नीतीश पर हमला, जंगलराज या मीडिया मैनेजमेंट?

पटना में मशहूर उद्योगपति गोपाल खेमका की गोली मारकर हत्या से सनसनी फैल गई। थाने से चंद कदम दूर वारदात के बाद तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार पर हमला बोला। पढ़ें घटना की पूरी डिटेल्स।

पटना में उद्योगपति की हत्या से गरमाई राजनीति: तेजस्वी का नीतीश पर हमला, जंगलराज या मीडिया मैनेजमेंट?

बिहार की राजधानी पटना में शुक्रवार देर रात अपराधियों ने कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए मशहूर उद्योगपति गोपाल खेमका की गोली मारकर हत्या कर दी। यह वारदात पटना के सबसे संवेदनशील इलाकों में से एक गांधी मैदान थाना क्षेत्र के रामगुलाम चौक के पास हुई। हैरानी की बात यह रही कि यह घटना थाने से महज चंद कदमों की दूरी पर हुई और अपराधी आराम से फरार हो गए।

हत्या के बाद शहर के व्यापारिक समुदाय में आक्रोश फैल गया और इलाके में सनसनी मच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। शनिवार सुबह खेमका का पार्थिव शरीर उनके आवास लाया गया, जहां गमगीन माहौल में अंतिम दर्शन किए गए।

इस घटना पर बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार पर करारा हमला बोला। तेजस्वी ने सोशल मीडिया पर लिखा, थाने से चंद कदम दूर पटना में बिहार के बड़े व्यापारी की गोली मारकर हत्या! हर महीने बिहार में सैकड़ों व्यापारियों की हत्या हो रही है। लेकिन जंगलराज नहीं कह सकते? क्योंकि इसे ही शास्त्रों में मीडिया प्रबंधन, परसेप्शन मैनेजमेंट और छवि प्रबंधन कहते हैं।

परिवार का दर्द: 'पुलिस तमाशा देख रही थी'
गोपाल खेमका के भाई शंकर खेमका ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि उन्हें इस बात पर यकीन नहीं हो रहा कि किसी से दुश्मनी के बिना ऐसा कैसे हो गया। उन्होंने कहा, हर रोज की तरह भैया सुबह 10 बजे ऑफिस चले जाते थे। वारदात की जानकारी मिलने के बाद भी पुलिस निष्क्रिय रही। रात करीब डेढ़ बजे गांधी मैदान थाना की पुलिस पहुंची और 2 बजे टाउन डीएसपी, फिर 2:30 बजे पटना सिटी एसपी आईं। हमने ही पुलिसवालों को बताया कि कहां गोली चली और कहां खोखा गिरा। फिर वे लोग ईंट से घेराबंदी करने लगे। ऐसा लग रहा था मानो तमाशा देखने आए हों।

फॉरेंसिक टीम जुटी जांच में, दो कारतूस बरामद
घटना के बाद मौके पर फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने घटनास्थल से दो खाली कारतूस बरामद किए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा गया है। फिलहाल हत्या के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।