रक्षाबंधन 2025: योगी सरकार का तोहफा, 3 दिन तक बहनों के लिए फ्री बस सेवा

रक्षाबंधन 2025 पर यूपी सरकार का तोहफा – 8 से 10 अगस्त तक यूपी रोडवेज और सिटी बसों में बहनों को फ्री यात्रा की सुविधा। जानिए नियम, तारीखें और योगी सरकार का पूरा ऐलान।

रक्षाबंधन 2025: योगी सरकार का तोहफा, 3 दिन तक बहनों के लिए फ्री बस सेवा
Yogi Adityanath

उत्तर प्रदेश में रक्षाबंधन 2025 (Raksha Bandhan 2025) को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महिलाओं के लिए एक खास तोहफे का ऐलान किया है। यूपी सरकार ने घोषणा की है कि रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाएं यूपी रोडवेज (UPSRTC) और नगरीय बस सेवा की सभी बसों में निःशुल्क यात्रा कर सकेंगी।

सेवा की अवधि
यह फ्री ट्रैवल सुविधा 8 अगस्त 2025 की सुबह 6 बजे से शुरू होकर 10 अगस्त की रात 12 बजे तक जारी रहेगी। इस दौरान महिलाएं राज्य के किसी भी हिस्से में रोडवेज और सिटी बसों के माध्यम से बिना कोई किराया दिए यात्रा कर सकेंगी।

योगी सरकार की घोषणा सोशल मीडिया पर भी वायरल
मुख्यमंत्री कार्यालय के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल X (पूर्व में ट्विटर) @myogioffice से इस संबंध में पोस्ट साझा किया गया है। पोस्ट में कहा गया है— रक्षा बंधन के अवसर पर आगामी 8 अगस्त की सुबह 6 बजे से 10 अगस्त की रात्रि 12 बजे तक UPSRTC की बसों व नगरीय बस सेवा की बसों में माताओं-बहनों हेतु निःशुल्क यात्रा की व्यवस्था रहेगी। नगरीय व ग्रामीण क्षेत्रों में पर्याप्त मात्रा में बसें चलाई जाएं। राज्य मार्गों व अन्य मार्गों में पेट्रोलिंग की जाए।

रक्षाबंधन: भाई-बहन के प्रेम का प्रतीक
रक्षाबंधन हिंदू धर्म का एक महत्वपूर्ण पर्व है जो भाई और बहन के अटूट प्रेम को दर्शाता है। इस वर्ष रक्षाबंधन 9 अगस्त 2025 (शनिवार) को मनाया जाएगा। परंपरानुसार, बहन भाई की कलाई पर रक्षा सूत्र (राखी) बांधती है और भाई उसकी रक्षा का वचन देता है।