U-19 Asia Cup 2025: वैभव सूर्यवंशी की धमाकेदार 171 रनों की पारी, भारत ने UAE को 234 रनों से रौंदकर की दमदार शुरुआत

U-19 Asia Cup 2025 के पहले मैच में भारत ने UAE को 234 रनों से हराया। वैभव सूर्यवंशी ने 171 रन ठोककर मैच का रुख पलटा और रिकॉर्ड जीत दिलाई।

U-19 Asia Cup 2025: वैभव सूर्यवंशी की धमाकेदार 171 रनों की पारी, भारत ने UAE को 234 रनों से रौंदकर की दमदार शुरुआत
Vaibhav Suryawanshi

U-19 एशिया कप 2025 का आगाज़ टीम इंडिया के लिए किसी उत्सव से कम नहीं रहा। टूर्नामेंट के पहले ही मुकाबले में भारत ने मेजबान यूएई को 234 रनों से हराकर अपना अभियान विजयी अंदाज़ में शुरू किया। भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 433 रन का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में यूएई की पूरी टीम 50 ओवर में केवल 199 रन ही जुटा सकी।

वैभव सूर्यवंशी की ऐतिहासिक शतकीय पारी
इस मुकाबले के नायक बने वैभव सूर्यवंशी, जिन्होंने युवा क्रिकेट में एक यादगार पारी खेल दी। कप्तान आयुष म्हात्रे भले ही बोल्‍ड होकर जल्दी लौट गए, लेकिन सूर्यवंशी ने यूएई के गेंदबाज़ों की जमकर खबर ली। उन्होंने सिर्फ 56 गेंदों पर शतक जड़ दिया और अपनी 95 गेंदों की पारी में 171 रन ठोक डाले, जिसमें 14 छक्के और 9 चौके शामिल थे। उनके अलावा विहान मल्होत्रा और आरोन जॉर्ज ने भी शानदार 69–69 रन बनाकर टीम के स्कोर को आसमान तक पहुंचाया।

U-19 क्रिकेट इतिहास में दर्ज हुई बड़ी उपलब्धि
भारत के 433 रन न केवल इस मैच की विशेषता रहे बल्कि यह अंडर-19 वनडे क्रिकेट इतिहास का तीसरा सबसे बड़ा स्कोर भी बन गया। जीत का फासला भी कम नहीं था—भारत ने यूएई को 234 रनों से पछाड़कर U-19 ODI इतिहास में अपनी चौथी सबसे बड़ी जीत दर्ज की। दिलचस्प बात यह रही कि इतनी बड़ी जीत भारत पहले भी एक बार दर्ज कर चुका है, जब उसने इंग्लैंड को भी 234 रनों से धूल चटाई थी।

यूएई की विपक्ष में संघर्षपूर्ण बल्लेबाज़ी
गेंदबाज़ी में भारत ने नौ खिलाड़ियों को आज़माया। ख‍िलन पटेल को छोड़ किसी और को पूरे 10 ओवर करने की जरूरत नहीं पड़ी। सूर्यवंशी ने भी गेंदबाज़ी करते हुए दो ओवर डाले और 13 रन दिए। यूएई की हालत शुरुआत से ही खराब रही, जब टीम ने 53 रन पर अपने छह विकेट गंवा दिए। हालांकि पृथ्वी मधु के 50 रन और उद्दीश सूरी की नाबाद 78 रन की पारी के दम पर टीम किसी तरह 199 तक पहुंच पाई।

दूसरे मैच में पाकिस्तान की रिकॉर्ड जीत
उधर, आज ही खेले गए दूसरे मुकाबले में पाकिस्तान ने मलेशिया को रनों के विशाल अंतर से रौंद दिया। पाकिस्तान ने पहले 345 रन बनाए और जवाब में मलेशिया मात्र 48 रन पर ढेर हो गया। यह पाकिस्तान की अंडर-19 वनडे इतिहास की अब तक की सबसे बड़ी जीत साबित हुई। भारत और पाकिस्तान दोनों एक ही ग्रुप में हैं, ऐसे में आगे होने वाला इंडो-पाक मुकाबला और भी दिलचस्प होने वाला है।