वाराणसी में अवैध धर्म परिवर्तन पर बड़ी कार्रवाई, पुलिस ने 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार
विश्व हिंदू परिषद (VHP) की शिकायत पर उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम, 2021 के तहत वाराणसी के थाना बड़ागांव पुलिस ने अवैध धर्म परिवर्तन मामले में चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
वाराणसी के थाना बड़ागांव क्षेत्र में अवैध धर्म परिवर्तन के एक गंभीर मामले का खुलासा हुआ। मुखबिर से प्राप्त सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम, 2021 के तहत दर्ज मुकदमा संख्या 09/2026 में वांछित चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
फरार होने की कोशिश नाकाम, मौके से गिरफ्तारी
इस मामले में पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से अभियुक्तों को दबोचा। कादीपुर रेलवे स्टेशन के पास से एक अभियुक्त को हिरासत में लिया गया, जबकि शेष तीन अभियुक्तों को मदनपुर नहर पुलिया के समीप से गिरफ्तार किया गया। सभी अभियुक्त गिरफ्तारी से बचने के लिए स्थान बदलने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस की सतर्कता के चलते उनके मंसूबे नाकाम हो गए।
कमजोर वर्ग को बनाया जा रहा था निशाना
पुलिस जांच में सामने आया कि अभियुक्तगण गरीब, असहाय और आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं एवं पुरुषों को निशाना बना रहे थे। उन पर आरोप है कि वे लोगों की मजबूरी का फायदा उठाकर, बहला-फुसलाकर और अंधविश्वास फैलाकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे थे। इस संबंध में विश्व हिंदू परिषद, वाराणसी के जिला प्रचार-प्रसार प्रमुख द्वारा थाना बड़ागांव में लिखित सूचना दी गई थी।
जांच जारी, नेटवर्क की कड़ियां खंगालने में जुटी पुलिस
शिकायत के आधार पर थाना बड़ागांव पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू की। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे की जांच जारी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस नेटवर्क से अन्य लोग भी जुड़े हैं या नहीं।


आँखें न्यूज़ 24 




