Codeine Cough Syrup Case: 25 हजार का इनामी शुभम जायसवाल दुबई से वीडियो में आया नजर, वाराणसी पुलिस अलर्ट

Codeine Cough Syrup Case में 25 हजार का इनामी शुभम जायसवाल दुबई से वायरल वीडियो में नजर आया। वाराणसी पुलिस और एसआईटी टीम जांच में जुटी।

Codeine Cough Syrup Case: 25 हजार का इनामी शुभम जायसवाल दुबई से वीडियो में आया नजर, वाराणसी पुलिस अलर्ट
वायरल वीडियो से ली गई फोटो

वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस को चकमा दे रहा कोडीन कफ सिरप मामले का मुख्य आरोपित और 25 हजार रुपये का इनामी शुभम जायसवाल एक बार फिर चर्चा में है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में शुभम जायसवाल मोबाइल फोन पर किसी अज्ञात व्यक्ति से बातचीत करता दिखाई दे रहा है। यह वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है।

दुबई के होटल से बताया जा रहा है वीडियो
इस पूरे मामले पर डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल ने शनिवार को प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मीडिया के जरिए शुभम जायसवाल का एक वीडियो संज्ञान में आया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह वीडियो दुबई के किसी होटल का बताया जा रहा है। वीडियो की सत्यता और लोकेशन की पुष्टि के लिए एसआईटी टीम और अन्य पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दे दिए गए हैं।

ईडी की छापेमारी के दौरान भी सक्रिय रहा शुभम
बताया जा रहा है कि वाराणसी समेत कई स्थानों पर ईडी की छापेमारी के दौरान शुभम जायसवाल पल-पल की जानकारी जुटा रहा था। जांच एजेंसियों को शक है कि वह लगातार नेटवर्क के जरिए अपने संपर्क में बने लोगों से अपडेट ले रहा था। इसी कड़ी में उसके परिवार और रिश्तेदारों के मोबाइल नंबरों की गहन जांच की जा रही है।

अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर आरोपी
कड़ी निगरानी और तकनीकी प्रयासों के बावजूद वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस अभी तक शुभम जायसवाल के मोबाइल नंबर को ट्रेस नहीं कर पाई है। दुबई से सामने आए वीडियो ने यह संकेत जरूर दिए हैं कि आरोपी भारत से बाहर है, लेकिन उसकी सटीक लोकेशन और गिरफ्तारी को लेकर पुलिस के सामने अब भी बड़ी चुनौती बनी हुई है।