यूपी विधानसभा चुनाव 2027: समाजवादी पार्टी का सीक्रेट सर्वे, अखिलेश यादव बोले- 'सिर्फ जीतने वाले को मिलेगा टिकट'
यूपी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी में समाजवादी पार्टी ने गुप्त सर्वे शुरू किया। अखिलेश यादव बोले- "बिना सर्वे कोई टिकट नहीं मिलेगा।" भाजपा पर वोट चोरी और साजिश का आरोप। महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार पर सपा का फोकस।
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) ने अभी से अपनी रणनीति तैयार करनी शुरू कर दी है। सपा मुखिया और कन्नौज सांसद अखिलेश यादव लगातार पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर रहे हैं। पार्टी की कोशिश है कि इस बार चुनाव में उम्मीदवारों का चयन केवल सर्वे रिपोर्ट के आधार पर किया जाए।
403 सीटों पर गुप्त सर्वे, टिकट के लिए सख्त मानदंड
सूत्रों के मुताबिक समाजवादी पार्टी ने एक एजेंसी हायर की है जो प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर गुप्त सर्वे करेगी। इस सर्वे में देखा जाएगा कि किस उम्मीदवार की स्थिति मजबूत है और कौन जनता की पहली पसंद है। अखिलेश यादव ने स्पष्ट कर दिया है कि बिना सर्वे कोई टिकट नहीं दिया जाएगा। उनका कहना है कि इस बार वही प्रत्याशी मैदान में उतरेगा जिसकी जीत सुनिश्चित हो।
कार्यकर्ताओं को अखिलेश का संदेश: जनता के बीच रहें
अखिलेश यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं को साफ संदेश दिया है कि वे सिर्फ दफ्तरों और बैठकों तक सीमित न रहें बल्कि लगातार जनता के बीच सक्रिय रहें। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे मतदाताओं से सीधा संपर्क बनाए रखें और स्थानीय मुद्दों को उठाते रहें।
भाजपा पर निशाना: 'वोट चोरी और साजिश से रहें सावधान'
बैठक के दौरान अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा चुनाव में "वोट काटने, वोट चोरी और बेईमानी" कर सकती है। ऐसे में कार्यकर्ताओं को हर स्तर पर सजग रहना होगा।
महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार पर सपा का फोकस
सपा प्रमुख ने कहा कि जनता महंगाई और भ्रष्टाचार से त्रस्त है। थानों और तहसीलों में उगाही जारी है, जबकि युवाओं के पास रोजगार के अवसर नहीं हैं। न तो नए उद्योग लग रहे हैं और न ही निवेश आ रहा है। ऐसे हालात में समाजवादी पार्टी जनता को मजबूत विकल्प देने के लिए प्रतिबद्ध है।
2027 में सपा की रणनीति
पार्टी की पूरी रणनीति इस बार "जीतने वाले उम्मीदवार" की थीम पर केंद्रित है। 2027 में अखिलेश यादव की कोशिश होगी कि पार्टी न सिर्फ मजबूत विपक्ष बने बल्कि सत्ता पर भी काबिज हो।


आँखें न्यूज़ 24 




