बढ़ सकती है कनकनी और ठंड- मौसम विभाग

बढ़ सकती है कनकनी और ठंड- मौसम विभाग

चक्रवाती प्रभाव कम होने की वजह से पूरे राज्य में ठंड में कमी हुई है,और लोगों को शीतलहर के प्रकोप से राहत मिली है, लेकिन ये राहत अधिक दिन टिकने वाली नहीं है।मौसम विभाग की माने तो आज रात से न्यूनतम तापमान में दो से 3 डिग्री तक की गिरावट देखी जा सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि एक बार फिर पछुआ और उत्तर पछुआ हवाओं का प्रभाव बढ़ेगा जिसकी वजह से कनकनी और ठंड में भी बढ़ोतरी होगी। बीते 24 घंटो के दौरान तापमान में बढ़ोतरी के कारण लोगों को ठंड का असर कम होता दिखा। पिछले 24 घंटों में सिवान का देश सबसे ठंडा स्थान रहा जहां का न्यूनतम तापमान 9.3 डिग्री दर्ज किया गया। अभी फिलहाल सभी शहरों का न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक है। राजधानी पटना में भी मौसम में सुधार की वजह से अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पटना का अधिकतम तापमान 10 डिग्री ऊपर आया है। दिन में धूप खिलने से भी लोगों को राहत मिली है। हालांकि आंशिक रूप से बादल भी छाए रहे लेकिन पूरे प्रदेश में कहीं बारिश नहीं हुई। पटना  का अधिकतम तापमान 23.2 डिग्री दर्ज किया गया जबकि गया का अधिकतम तापमान 21.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। भागलपुर का अधिकतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि पूर्णिया में अधिकतम तापमान 20.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।हालांकि तापमान में यह बढ़ोतरी कायम नहीं रहेगी। मौसम विभाग की माने तो  अगले 24 घंटों में तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज होने की संभावना है। उत्तर पछुआ हवाओं के प्रभाव से कंनकनी  बढ़ेगी वही कुछ जगहों पर घना कोहरा छाने के भी आसार हैं। इधर बारिश और ओलावृष्टि के कारण फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है। चक्रवाती प्रभाव के कारण सबसे ज्यादा बारिश भोजपुर के संदेश में दर्ज की गई, अन्य जिलों में भी बारिश और ओलावृष्टि का प्रभाव रहा जिसके चलते फसलें क्षतिग्रस्त हो गई और किसानों को नुकसान उठाना पड़ा। मौसम का प्रभाव पटना आने जाने वाले विमानों पर भी पड़ा है। कल पटना आने जाने वाले 12 विमान रद्द हो गए जबकि छह लेट रहे।