अहमदाबाद में 'दृश्यम' जैसी वारदात! पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर की पति की हत्या, एक साल बाद रसोई के नीचे मिला कंकाल

अहमदाबाद में ‘दृश्यम’ जैसी वारदात का खुलासा हुआ है। पत्नी रूबी ने अपने प्रेमी इमरान और दोस्तों के साथ मिलकर पति समीर अंसारी की हत्या कर शव को रसोई के फर्श के नीचे दफना दिया था। पुलिस को एक साल बाद कंकाल बरामद हुआ।

अहमदाबाद में 'दृश्यम' जैसी वारदात! पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर की पति की हत्या, एक साल बाद रसोई के नीचे मिला कंकाल

गुजरात के अहमदाबाद शहर से ‘दृश्यम’ फिल्म जैसी एक सिहरन पैदा कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक महिला ने अपने प्रेमी और उसके दोस्तों के साथ मिलकर अपने ही पति की हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को इस तरह से छिपाया गया कि पुलिस को एक साल तक कोई सुराग नहीं मिला।

पति के गायब होने से शुरू हुई कहानी
अहमदाबाद में रहने वाला समीर अंसारी (35) साल 2024 में अचानक लापता हो गया था। परिवार और पुलिस दोनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन समीर का कोई अता-पता नहीं मिला। उसकी पत्नी रूबी अक्सर पति से झगड़ा करती थी। इन झगड़ों की वजह थी रूबी का अपने प्रेमी इमरान से अवैध संबंध। यही रिश्ता एक दिन समीर की मौत की वजह बन गया।

तीन महीने पहले खुली गुत्थी की परतें
करीब तीन महीने पहले यह मामला अहमदाबाद क्राइम ब्रांच के पास पहुंचा। जांच में पुलिस को शक हुआ कि समीर की गुमशुदगी के पीछे कोई बड़ी साजिश छिपी है। मोबाइल रिकॉर्ड्स खंगाले गए तो पता चला कि समीर का फोन पिछले 14 महीने से बंद था और उसने किसी से संपर्क नहीं किया था। इसी कड़ी से पुलिस इमरान तक पहुंची और पूछताछ में सारा राज खुल गया।

फिल्मी स्टाइल में हत्या की कहानी
इमरान ने पुलिस के सामने कबूल किया कि उसने रूबी के साथ मिलकर समीर की हत्या की। पहले समीर को रस्सी से बांधा गया और फिर चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी गई। इसके बाद शव के टुकड़े किए गए और उसे घर की रसोई के फर्श के नीचे गाड़ दिया गया। ऊपर से टाइल्स लगवा दी गईं ताकि किसी को शक न हो।

एक साल बाद बरामद हुआ कंकाल
पुलिस जब इमरान के इशारे पर रूबी के घर पहुंची, तो जांच के दौरान रसोई की टाइल्स हटाई गईं। वहां से समीर के कंकाल के अवशेष बरामद हुए। यह दृश्य देख पुलिसकर्मी भी सन्न रह गए।

पुलिस की जांच और बाकी आरोपी फरार
इमरान ने पूछताछ में बताया कि हत्या की पूरी योजना रूबी ने बनाई थी और इसमें उसके दो दोस्त भी शामिल थे। फिलहाल, रूबी और इमरान गिरफ्तार हैं, जबकि बाकी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। क्राइम ब्रांच उनकी तलाश में जुटी है।

मेरठ में भी हुआ था ऐसा ही मामला
इसी तरह का एक मामला कुछ महीने पहले मेरठ से सामने आया था, जहां पत्नी मुस्कान ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति सौरभ की हत्या की थी और शव को ड्रम में बंद कर छिपा दिया था।