दुनिया का पहला AI Minister: अल्बानिया ने बनाई वर्चुअल महिला मंत्री, करप्शन कंट्रोल की जिम्मेदारी
अल्बानिया ने दुनिया में इतिहास रचते हुए अपनी सरकार में पहली बार AI Minister की नियुक्ति की है। वर्चुअल महिला मंत्री डिएला (Diela) भ्रष्टाचार को खत्म करने और गवर्नेंस को पूरी तरह पारदर्शी बनाने के लिए जिम्मेदार होंगी। प्रधानमंत्री एडी रामा के इस फैसले ने राजनीति में AI के इस्तेमाल को नई दिशा दी है।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) अब सिर्फ टेक्नोलॉजी और बिजनेस सेक्टर तक सीमित नहीं रहा, बल्कि राजनीति और सरकार तक अपनी पहुंच बना चुका है। यूरोपीय देश अल्बानिया (Albania) ने इतिहास रचते हुए अपनी सरकार में पहली बार AI Minister की नियुक्ति की है। इस वर्चुअल महिला मंत्री का नाम डिएला (Diela) रखा गया है, जिसका अर्थ है "सूर्य"।
वर्चुअल मंत्री डिएला कौन हैं?
प्रधानमंत्री एडी रामा (Edi Rama) ने घोषणा की कि डिएला उनके कैबिनेट की सदस्य होंगी, लेकिन इंसानों की तरह शारीरिक रूप से मौजूद नहीं होंगी। वह एक AI-जनरेटेड डिजिटल बॉट हैं, जिन्हें भ्रष्टाचार मुक्त गवर्नेंस सुनिश्चित करने के लिए तैयार किया गया है। डिएला का काम सरकारी ठेकों और फैसलों को 100% ट्रांसपेरेंट (Transparency) बनाना है।
कैसे काम करेगी AI Minister डिएला?
डिएला को जनवरी 2025 में पहली बार डिजिटल असिस्टेंट के रूप में लॉन्च किया गया था। उस समय उन्हें पारंपरिक अल्बानियाई ड्रेस पहने महिला की तरह डिज़ाइन किया गया था, ताकि नागरिक उनसे जुड़ाव महसूस कर सकें।
डिएला अब तक 36,600 डिजिटल डॉक्युमेंट्स प्रोसेस कर चुकी हैं। उन्होंने नागरिकों को 1,000 से ज्यादा e-Services उपलब्ध कराई हैं। उनका इस्तेमाल e-Albania प्लेटफॉर्म पर गाइड करने के लिए किया जा रहा है।
अल्बानिया में करप्शन की चुनौती
अल्बानिया लंबे समय से भ्रष्टाचार और संगठित अपराध से जूझ रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यहां सरकारी ठेकों में रिश्वतखोरी और अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स व हथियार तस्करी से जुड़ा मनी लॉन्ड्रिंग का नेटवर्क सक्रिय है। विशेषज्ञ मानते हैं कि डिएला जैसी AI टेक्नोलॉजी इन काले धंधों पर लगाम लगाने में मददगार हो सकती है।
राजनीतिक हलचल और संविधान का सवाल
चौथी बार लगातार सत्ता में आए प्रधानमंत्री एडी रामा ने अपने नए मंत्रिमंडल में डिएला को शामिल किया। हालांकि, जब पत्रकारों ने पूछा कि क्या यह संविधान का उल्लंघन है, तो राष्ट्रपति बाजराम बेगाज ने सीधा जवाब देने से बचा।
रामा की सोशलिस्ट पार्टी (Socialist Party) ने 140 में से 83 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया है। पार्टी के पास सरकार चलाने और कानून पास करने की ताकत है, लेकिन संविधान में बदलाव के लिए उन्हें 93 सीटों की जरूरत होगी।
यूरोपीय संघ (EU) सदस्यता की राह
सोशलिस्ट पार्टी का दावा है कि अगले 5 सालों में अल्बानिया को EU की सदस्यता मिल सकती है और 2027 तक बातचीत पूरी हो जाएगी। वहीं, विपक्षी डेमोक्रेट्स का मानना है कि देश अभी इसके लिए तैयार नहीं है।
भ्रष्टाचार और अपराध से निपटना ही अल्बानिया की EU Membership की सबसे बड़ी शर्त है। ऐसे में डिएला की नियुक्ति को यूरोप के लिए एक पॉलिटिकल मैसेज भी माना जा रहा है।


आँखें न्यूज़ 24 




