वाराणसी में महिला सुरक्षा पर सख्त रुख, मिशन शक्ति केंद्र का निरीक्षण कर पुलिस आयुक्त ने दिए कड़े निर्देश
वाराणसी में महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने मिशन शक्ति केंद्र का निरीक्षण किया। महिला अपराध, एफआईआर, एंटी रोमियो स्क्वाड और त्वरित कार्रवाई पर सख्त निर्देश।
वाराणसी कमिश्नरेट के पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने आज रोहनियां थाना स्थित मिशन शक्ति केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान महिला अपराधों की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई और साफ कहा गया कि महिलाओं से जुड़े हर मामले में पुलिस की प्रतिक्रिया तेज, संवेदनशील और भरोसेमंद होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान महिला हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली को परखा गया। पुलिस आयुक्त ने निर्देश दिए कि हर शिकायत को गंभीरता से लिया जाए और पीड़िता से सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार किया जाए, ताकि महिलाएं बिना किसी डर के अपनी बात रख सकें।
घरेलू हिंसा मामलों में नियमित फीडबैक
घरेलू हिंसा और महिला उत्पीड़न के मामलों में तत्काल कार्रवाई के साथ-साथ हर सप्ताह पीड़िता से संपर्क कर उसकी स्थिति जानने और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
स्कूल-कॉलेज और हॉस्टल पर निगरानी
पुलिस आयुक्त ने सभी स्कूलों, कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों और हॉस्टलों में सीसीटीवी कैमरे और शिकायत पेटिका अनिवार्य रूप से लगाने पर बल दिया। उनका कहना था कि शैक्षणिक परिसरों की सुरक्षा में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एंटी रोमियो स्क्वाड को सक्रिय रहने के निर्देश
मिशन शक्ति केंद्र में तैनात कर्मियों को एंटी रोमियो स्क्वाड के रूप में सक्रिय रहते हुए स्कूलों और कोचिंग संस्थानों के बाहर खड़े असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
जांच में देरी पर कार्रवाई तय
महिला अपराध से जुड़े छोटे मामलों में 15 दिन के भीतर जांच पूरी करने, हर महिला संबंधी मामले में एफआईआर अनिवार्य रूप से दर्ज करने और किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के स्पष्ट निर्देश दिए गए।
बच्चों की गुमशुदगी पर जीरो टॉलरेंस
महिला अपराधों और बच्चों की गुमशुदगी के मामलों में शत-प्रतिशत एफआईआर दर्ज कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के साथ पीड़िता की गरिमा और मर्यादा बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया।
मैदानी स्तर पर सक्रियता बढ़ाने के निर्देश
मिशन शक्ति केंद्र प्रभारी को खुद क्षेत्र में भ्रमण कर स्कूल, कॉलेज और महिला हॉस्टलों में नियमित चेकिंग और जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए, ताकि महिलाओं में सुरक्षा को लेकर भरोसा मजबूत हो।


आँखें न्यूज़ 24 




