Bengal Battle 2026: दुर्गापुर में आज PM Modi का मेगा शो, 21 जुलाई को TMC की रैली — किसके पाले में जाएगा बंगाल?

पश्चिम बंगाल की राजनीति में गर्मी लौट आई है। दुर्गापुर में पीएम मोदी की मेगा रैली और TMC की 21 जुलाई की शहीद दिवस रैली ने चुनावी बिगुल फूंक दिया। जानिए कौन-सी बड़ी योजनाओं की घोषणा हुई और BJP-TMC की रणनीतियां क्या हैं।

Bengal Battle 2026: दुर्गापुर में आज PM Modi का मेगा शो, 21 जुलाई को TMC की रैली — किसके पाले में जाएगा बंगाल?
Prime Minister Narendra Modi and West Bengal Chief Minister Mamata Banerjee

पश्चिम बंगाल की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। 2026 विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) और तृणमूल कांग्रेस (TMC) में सीधी टक्कर दिखने लगी है। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दुर्गापुर के नेहरू स्टेडियम में एक मेगा रैली को संबोधित करेंगे। तीन दिन बाद यानी 21 जुलाई को TMC की वार्षिक शहीद दिवस रैली होगी। राजनीतिक जानकार इन दोनों रैलियों को बंगाल में चुनावी रण का शंखनाद मान रहे हैं।

PM Modi का 6 साल बाद दुर्गापुर दौरा
करीब 6 साल बाद प्रधानमंत्री मोदी दुर्गापुर आ रहे हैं। रैली में वे 5,400 करोड़ रुपये से ज्यादा की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। BJP का दावा है कि रैली में 2 लाख से ज्यादा लोग जुटेंगे।

BJP प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने इसे “बंगाल में बीजेपी के लिए नए युग की शुरुआत” करार दिया। उन्होंने दुर्गापुर को भारत का ‘रूहर क्षेत्र’ बताते हुए औद्योगिक पुनर्जागरण की उम्मीद जताई।

क्या बोले TMC नेता?
TMC ने पीएम की रैली पर तंज कसते हुए कहा कि टैक्सपेयर्स का पैसा बर्बाद किया जा रहा है।
टीएमसी युवा मोर्चा की प्रमुख शायनी घोष ने कहा — लगता है प्रधानमंत्री को अब 2026 तक बंगाल में ही रह जाना चाहिए। हम तो मैदान में हैं ही — खेला होगा!"
उन्होंने पीएम मोदी की भाषण शैली और नीतियों पर भी सवाल उठाए।

कौन-कौन सी योजनाओं का ऐलान?
प्रधानमंत्री जिन प्रमुख परियोजनाओं का उद्घाटन/शिलान्यास करेंगे, उनमें शामिल हैं:
- सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन प्रोजेक्ट — बांकुरा और पुरुलिया के लिए (1,950 करोड़ रुपये)
- दुर्गापुर-कोलकाता नैचुरल गैस पाइपलाइन सेक्शन — (1,190 करोड़ रुपये)
- फ्लू गैस डीसल्फराइजेशन सिस्टम — वायु गुणवत्ता सुधार के लिए (1,457 करोड़ रुपये)
- पुरुलिया-कोटशिला रेल लाइन डबलिंग प्रोजेक्ट — (390 करोड़ रुपये)
- टोपसी और पांडवेश्वर रोड ओवरब्रिज — (380 करोड़ रुपये+)

इन परियोजनाओं से ऊर्जा, परिवहन और पर्यावरण के क्षेत्र में सुधार होगा और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

BJP बनाम TMC — विकास बनाम अस्मिता
राजनीतिक पर्यवेक्षकों के मुताबिक BJP ‘डबल इंजन सरकार’ और विकास योजनाओं के एजेंडे पर दांव लगा रही है, जबकि TMC बंगाली अस्मिता और कल्याणकारी योजनाओं के जरिए मतदाताओं को साधने की कोशिश में है। 21 जुलाई को TMC की शहीद दिवस रैली में ममता बनर्जी की रणनीति पर सबकी नजर रहेगी।