पवन सिंह विवाद पर बोलीं अंजलि राघव: 'हंसी मज़ाक नहीं था, बहुत बुरा लगा और रोना भी आया'
भोजपुरी ऐक्ट्रेस अंजलि राघव ने लखनऊ इवेंट में पवन सिंह के वायरल वीडियो पर पहली बार प्रतिक्रिया दी। इंस्टाग्राम वीडियो में उन्होंने बताया कि भीड़ के कारण वह तुरंत रिएक्ट नहीं कर पाईं और बाद में उन्हें बहुत बुरा लगा।
एक ओर सुपरस्टार पवन सिंह हैं, तो दूसरी ओर हरियाणा से लेकर भोजपुरी तक अपनी पहचान बना चुकीं ऐक्ट्रेस अंजलि राघव। लखनऊ के एक इवेंट का वायरल वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल चुका है, जिसमें पवन सिंह स्टेज पर अंजलि की कमर को छूते नज़र आ रहे हैं। इसके बाद से ही दोनों चर्चा और ट्रोलिंग के घेरे में हैं।
जहाँ पवन सिंह सोशल मीडिया यूज़र्स के निशाने पर हैं, वहीं अंजलि को लेकर भी लोग तरह-तरह की टिप्पणियाँ कर रहे हैं। कई लोग सवाल उठा रहे थे कि उन्होंने उस समय रिएक्ट क्यों नहीं किया, थप्पड़ क्यों नहीं मारा? अब खुद अंजलि राघव ने इंस्टाग्राम वीडियो जारी कर पूरी घटना पर अपनी चुप्पी तोड़ी है।
अंजलि का दर्द – 'लोग मुझे ही गलत ठहरा रहे हैं'
अंजलि ने कहा कि पिछले दो दिनों से उनके पास लगातार डीएम आ रहे थे, जिनमें लोग उनसे पूछ रहे थे कि उन्होंने कोई एक्शन क्यों नहीं लिया। कुछ लोग तो यहाँ तक लिख रहे थे कि वह तो उस दौरान हँस रही थीं और मज़े ले रही थीं।
इस पर अंजलि ने साफ किया, वह पवन सिंह से सिर्फ एक गाने की शूटिंग के दौरान मिली थीं, तब सब नॉर्मल रहा। इसके बाद उन्होंने लखनऊ इवेंट में जाने के लिए हामी भरी। स्टेज पर जब वह दर्शकों से बातचीत कर रही थीं, तभी पवन सिंह ने कहा कि आपके कपड़े पर कुछ लगा है।
अंजलि को लगा कि शायद साड़ी या ब्लाउज़ का टैग रह गया हो, इसलिए उन्होंने हंसकर टाल दिया। लेकिन बाद में जब उन्होंने अपनी टीम से चेक कराया तो कुछ भी नहीं निकला। यही बात जानकर उन्हें गुस्सा भी आया और वह रो पड़ीं।
'भीड़ पवन सिंह के साथ थी, मैं अकेली पड़ गई'
अंजलि ने यह भी बताया कि उस वक्त स्टेज पर पूरी भीड़ पवन सिंह की थी। लोग उन्हें भगवान मानकर उनके पैरों में गिर रहे थे। ऐसे माहौल में वह समझ नहीं पा रही थीं कि तुरंत क्या करें। उनके पास सिर्फ 3-4 लोग थे और पूरा स्टेडियम पवन सिंह के फैंस से भरा था।
अंजलि बोलीं – अगर मैं उसी वक्त कुछ बोलती तो पता नहीं क्या हो जाता। इसलिए मैंने सोचा बैकस्टेज जाकर इस पर बात करूंगी। लेकिन तभी तक मेरा वीडियो वायरल हो चुका था।


आँखें न्यूज़ 24 




