छपरा में बिजली व्यवस्था की सख़्त पड़ताल: बीएसपीटीसीएल–एनबीपीडीसीएल एमडी का औचक निरीक्षण
छपरा में बीएसपीटीसीएल और एनबीपीडीसीएल के एमडी राहुल कुमार ने ग्रिड उपकेन्द्र और निर्माणाधीन कार्यालय का औचक निरीक्षण किया, निर्बाध बिजली आपूर्ति और सुरक्षा मानकों पर दिए सख़्त निर्देश।
बिहार स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड और नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रिब्यूशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक राहुल कुमार ने बुधवार को छपरा में बिजली तंत्र की जमीनी हकीकत परखने के लिए औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संचरण अंचल छपरा के 132/33 केवी ग्रिड उपकेन्द्र, विद्युत आपूर्ति अंचल के 33/11 केवी शक्ति उपकेन्द्र (तेलपा) तथा निर्माणाधीन संचरण अंचल कार्यालय का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में प्रबंध निदेशक ने ग्रिड उपकेन्द्र के स्विच यार्ड और नियंत्रण कक्ष की कार्यप्रणाली को विस्तार से देखा। उन्होंने निर्माणाधीन संचरण अंचल कार्यालय की प्रगति की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि भवन निर्माण कार्य तय समयसीमा के भीतर हर हाल में पूरा किया जाए, ताकि प्रशासनिक कार्यों में किसी तरह की देरी न हो।
जलजमाव और संसाधन प्रबंधन पर सख़्त निर्देश
राहुल कुमार ने निरीक्षण के दौरान स्क्रैप सामग्री के शीघ्र निष्पादन और स्पेयर सामग्री के सुरक्षित व सुव्यवस्थित भंडारण पर विशेष ध्यान दिया। उन्होंने इसके लिए शेड निर्माण कर सामग्री को सही तरीके से रखने के निर्देश दिए। साथ ही, छपरा ग्रिड उपकेन्द्र में पिछले माह हुए जलजमाव की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस और स्थायी उपाय सुनिश्चित करने को कहा।
सुरक्षा और निर्बाध आपूर्ति बनी प्राथमिकता
प्रबंध निदेशक ने परिचालन और संधारण कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों के कड़ाई से पालन पर भी विशेष बल दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि निर्बाध विद्युत आपूर्ति के साथ-साथ कर्मचारियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इस मौके पर संचरण अंचल और आपूर्ति अंचल के अधीक्षण अभियंता, संचरण प्रमंडल व असैनिक कार्यपालक अभियंता सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


आँखें न्यूज़ 24 




