नीतीश कुमार की तबीयत बिगड़ी, करोड़ों की योजनाओं का शिलान्यास टला
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तबीयत अचानक खराब हो गई, जिसके चलते पटना में होने वाले करोड़ों की योजनाओं के शिलान्यास और उद्घाटन का कार्यक्रम रद्द कर दिया गया। अब अगले दिन ये कार्यक्रम होंगे।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अचानक तबीयत खराब हो जाने से रविवार को पटना में होने वाले सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए। मुख्यमंत्री पटना जिले में करोड़ों की विकास योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करने वाले थे। ये वही योजनाएं थीं जिनकी घोषणा उन्होंने हाल ही में प्रगति यात्रा के दौरान की थी।
पटना में बड़ा कार्यक्रम था तय
सीएम नीतीश कुमार का पहला कार्यक्रम पटना के पटेल गोलंबर (चिराग पासवान की पार्टी दफ्तर के पास) नाले पर सड़क निर्माण का शिलान्यास था। प्रशासन और सरकारी अधिकारियों ने तैयारी पूरी कर ली थी, मंच से लेकर सुरक्षा तक की व्यवस्था दुरुस्त थी। लेकिन अचानक सीएम के अस्वस्थ हो जाने के कारण कार्यक्रम को रद्द कर दिया गया।
मुख्यमंत्री सचिवालय ने दिया ‘अपरिहार्य कारण’ का हवाला
मुख्यमंत्री सचिवालय की ओर से बताया गया कि कार्यक्रम रद्द होने का कारण "अपरिहार्य परिस्थितियां" हैं। हालांकि सूत्रों के मुताबिक, नीतीश कुमार की तबीयत ठीक न रहने की वजह से ही कार्यक्रम को स्थगित करना पड़ा। अब अगले दिन इन सभी योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया जाएगा।
प्रगति यात्रा में की गई थी करोड़ों की घोषणाएं
प्रगति यात्रा के दौरान सीएम नीतीश ने पटना जिले में 1400 करोड़ रुपये से ज्यादा की योजनाओं की घोषणा की थी। इनमें 623 योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन शामिल था।
- 845 करोड़ रुपये की 367 योजनाओं का उद्घाटन किया गया।
- 559 करोड़ रुपये की 256 योजनाओं का शिलान्यास किया गया।
रविवार का कार्यक्रम उन बची हुई योजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास के लिए तय था, जिसे फिलहाल टाल दिया गया है।
सेहत को लेकर उठते रहे हैं सवाल
नीतीश कुमार की सेहत को लेकर विपक्ष लगातार सियासत करता रहा है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और जन सुराज पार्टी के संयोजक प्रशांत किशोर कई बार उन्हें "बीमार" और "अनफिट" कह चुके हैं। वहीं जब नीतीश महागठबंधन में थे, तब बीजेपी नेता सम्राट चौधरी और चिराग पासवान भी उनकी सेहत और सक्रियता पर सवाल उठाते रहे।


आँखें न्यूज़ 24 




