वाराणसी में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ऑनलाइन जुए का भंडाफोड़; 5 आरोपी रंगे हाथ गिरफ्तार

वाराणसी के थाना चौक क्षेत्र में पुलिस ने भाग्यलक्ष्मी वेबसाइट से जुड़े ऑनलाइन जुए का भंडाफोड़ करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया, नकदी और मोबाइल बरामद।

वाराणसी में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ऑनलाइन जुए का भंडाफोड़; 5 आरोपी रंगे हाथ गिरफ्तार

पुलिस आयुक्त द्वारा कमिश्नरेट वाराणसी में अपराध और अपराधियों पर सख्त नियंत्रण के लिए जारी निर्देशों के क्रम में थाना चौक पुलिस ने ऑनलाइन जुए के एक सक्रिय गिरोह पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन और अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन के पर्यवेक्षण में, सहायक पुलिस आयुक्त दशाश्वमेध तथा प्रभारी निरीक्षक चौक के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर थाना चौक पुलिस टीम ने 21 जनवरी 2026 की रात कर्णघंटा मोड़ के पास एक गली में दबिश दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि कुछ लोग मोबाइल फोन पर हार-जीत की बाजी लगाकर ऑनलाइन जुआ खेल रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर पांचों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

व्हाट्सएप्प ग्रुप के जरिए चल रहा था ऑनलाइन जुआ
गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे मोबाइल के माध्यम से “भाग्यलक्ष्मी” नामक ऑनलाइन जुए से जुड़े व्हाट्सएप्प ग्रुप का संचालन कर रहे थे। इस ग्रुप के जरिए लोग नंबर लगाते थे और ऑनलाइन परिणाम निकलने पर जीत-हार तय होती थी। आरोपियों के पास से बरामद की गई नकदी को उन्होंने जुए से अर्जित राशि बताया।

नकदी और मोबाइल बरामद, मुकदमा दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 9,330 रुपये नकद और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया है। बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर थाना चौक में मु0अ0सं0 0019/2026, धारा 13 जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

ऑनलाइन जुए के खिलाफ सख्ती जारी
इस पूरी कार्रवाई को थाना चौक पुलिस टीम ने अंजाम दिया, जिसमें प्रभारी निरीक्षक सहित उप निरीक्षक, हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ऑनलाइन जुआ जैसे अपराधों पर आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।