पोस्टमार्टम में निकलीं 32 गोलियां: पिता ने चंदन मिश्रा की हत्या के लिए डॉक्टर और अस्पताल पर साजिश का लगाया आरोप
पटना के पारस अस्पताल में ICU में घुसकर कुख्यात चंदन मिश्रा की 36 गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। शव गांव लाकर अंतिम संस्कार किया गया। पिता ने डॉक्टर और अस्पताल पर हत्या की साजिश का आरोप लगाया। STF ने मुख्य शूटर समेत 10 से ज्यादा बदमाशों को पकड़ा। पढ़िए पूरी कहानी।
बक्सर के कुख्यात चंदन मिश्रा को पटना के पारस अस्पताल में गोलियों से भूनने के बाद जब उसका शव उसके पैतृक गांव सोनवर्षा लाया गया तो पूरे इलाके में मातम पसर गया। गंगा घाट पर चंदन का अंतिम संस्कार किया गया। पिता श्रीकांत मिश्रा उर्फ मंटू मिश्रा ने बेटे को मुखाग्नि दी। चंदन की उम्र महज 34 साल थी। शव पोस्टमॉर्टम के बाद जैसे ही गांव पहुंचा, लोगों का हुजूम जमा हो गया और हर कोई इस दिल दहलाने वाली वारदात को लेकर बातें करता रहा।
ICU में दनादन चलीं गोलियां, पोस्टमॉर्टम में खुलासा
हत्या के बाद शुरुआती रिपोर्ट में चार गोलियों की बात सामने आई थी, लेकिन पोस्टमॉर्टम में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। चंदन मिश्रा के शव से 32 गोलियां निकाली गईं। जानकारी के मुताबिक, बदमाशों ने ICU में घुसकर कंधे से लेकर पैर तक उसके शरीर में 36 गोलियां उतार दीं। घटना के गवाह ने बताया कि हथियारबंद पांच बदमाशों ने पूरी वारदात को फिल्मी अंदाज में अंजाम दिया।
STF की बड़ी कार्रवाई: बंगाल से 9 बदमाश पकड़े गए
हत्या के तुरंत बाद पुलिस ने मुख्य शूटर तौफीस को गिरफ्तार कर लिया था। अब इस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार STF ने बंगाल STF के साथ मिलकर पश्चिम बंगाल से दो चरणों में 9 और बदमाशों को हिरासत में लिया है। इसके अलावा पुरुलिया जेल में बंद शेरू सिंह से भी पूछताछ की जा रही है।
पिता ने डॉक्टर और अस्पताल पर दर्ज कराई FIR
इस सनसनीखेज हत्या के बाद चंदन मिश्रा के पिता ने पारस अस्पताल और जनरल सर्जन डॉ. पिंटू कुमार सिंह के खिलाफ शास्त्रीनगर थाने में FIR दर्ज कराई है। शिकायत में उन्होंने हत्या की साजिश का आरोप लगाया। FIR में उन्होंने लिखा कि चंदन को 15 जुलाई 2025 को फिस्टुला और लेप्रोस्कोपिक सर्जरी के लिए भर्ती किया गया था। ऑपरेशन के बाद डॉक्टर ने 16 जुलाई को डिस्चार्ज करने की बात कही, लेकिन बाद में इसे बढ़ाकर 17 जुलाई कर दिया। इसी दिन सुबह करीब 7:15 बजे ICU में घुसकर पांच हथियारबंद बदमाशों ने चंदन को गोलियों से भून दिया।


आँखें न्यूज़ 24 




