मुजफ्फरपुर में जमीन विवाद बना काल, महिला समेत दो मासूम बच्चों की गला घोंटकर हत्या
मुजफ्फरपुर में जमीन विवाद को लेकर महिला और दो मासूम बच्चों की हत्या से सनसनी। परिजनों ने रिश्तेदारों पर आरोप लगाया। पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी।
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में जमीन के पुराने विवाद ने तीन जिंदगियां छीन लीं। पानापुर करियात थाना क्षेत्र के शाहबाजपुर मठ के पास एक महिला और उसके दो मासूम बच्चों की हत्या से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
महिला और दो बच्चों की मौत
मृतकों की पहचान 30 वर्षीय रीता देवी, उनकी दो वर्ष की बेटी वैष्णवी और तीन माह के बेटे कन्हैया के रूप में हुई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार तीनों की गला घोंटकर हत्या की गई है। घर के कमरे में शव मिलने से परिवार में कोहराम मच गया।
बारात से लौटे पति के उड़े होश
मृतका के पति संतोष साह उर्फ मिठाई लाल शाह पेशे से कैटरर हैं। वह सोमवार रात अपने भाई के साथ एक बारात में गए थे। देर रात लौटने पर घर का मुख्य दरवाजा बाहर से बंद मिला। शक होने पर जब वह अंदर पहुंचे तो कमरे में पत्नी और दोनों बच्चों के शव पड़े मिले। पास में एक रस्सी भी मिली है।
दो बच्चों की बची जान
बताया गया है कि संतोष साह के कुल चार बच्चे हैं। घटना के समय दो छोटे बच्चे मां के साथ सो रहे थे और हमलावरों ने उन्हें निशाना बनाया। वहीं दो अन्य बच्चे अपनी दादी उर्मिला देवी के साथ दूसरे कमरे में सो रहे थे, जिससे उनकी जान बच गई।
रिश्तेदारों पर हत्या का आरोप
परिजनों ने इस हत्याकांड के पीछे पट्टीदारों का हाथ बताया है। परिवार का कहना है कि जमीन को लेकर पिछले करीब दस वर्षों से विवाद चल रहा था। हाल ही में पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी भी दी गई थी, लेकिन इसे गंभीरता से नहीं लिया गया।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पूरे घर को सील कर दिया और जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। पुलिस जमीन विवाद समेत अन्य पहलुओं पर भी जांच कर रही है।
गांव में तनाव, सुरक्षा बढ़ी
एक साथ तीन हत्याओं के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए इलाके में पुलिस कैंप कर रही है और लगातार निगरानी रखी जा रही है।


आँखें न्यूज़ 24 




