20 साल बहुत हुआ! लालू यादव ने दी नीतीश सरकार को सत्ता से हटाने की अपील, बोले– अब तेजस्वी की युवा सरकार जरूरी है

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण की वोटिंग के बीच लालू प्रसाद यादव ने जनता से महागठबंधन के पक्ष में वोट देने की अपील की। उन्होंने कहा – 20 साल बहुत हुआ, अब तेजस्वी यादव की युवा सरकार जरूरी है।

20 साल बहुत हुआ! लालू यादव ने दी नीतीश सरकार को सत्ता से हटाने की अपील, बोले– अब तेजस्वी की युवा सरकार जरूरी है
लालू प्रसाद यादव अपने आवास पर पत्नी राबड़ी देवी और बेटे तेजस्वी यादव के साथ

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण की वोटिंग जारी है और इसी बीच राजनीतिक माहौल और भी गर्म हो गया है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव ने मतदाताओं से महागठबंधन के पक्ष में वोट करने की जोरदार अपील की है। उन्होंने एक बार फिर अपने पुराने समाजवादी तेवर दिखाते हुए जनता से कहा है कि अब बिहार को बदलाव चाहिए, नई सोच चाहिए और युवा नेतृत्व चाहिए।

लालू यादव ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स (X)’ पर एक भावनात्मक पोस्ट साझा किया, जिसमें उन्होंने लिखा — तवा से रोटी पलटती रहनी चाहिए नहीं तो जल जाएगी। 20 साल बहुत हुआ! अब युवा सरकार और नए बिहार के लिए तेजस्वी सरकार अति आवश्यक है।

पोस्ट के साथ लालू यादव ने एक तस्वीर भी साझा की, जिसमें वह अपनी पत्नी और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी तथा छोटे बेटे तेजस्वी यादव के साथ नजर आ रहे हैं।

लोहिया के विचारों से जोड़ा संदेश
लालू प्रसाद यादव ने अपने संदेश में दिवंगत समाजवादी नेता डॉ. राममनोहर लोहिया के विचारों को भी याद किया। उन्होंने कहा कि जैसे रोटी को जलने से बचाने के लिए उसे बार-बार पलटना जरूरी होता है, वैसे ही सत्ता परिवर्तन भी लोकतंत्र के स्वास्थ्य के लिए आवश्यक है।

डॉ. लोहिया का मानना था कि सत्ता में बने रहना किसी भी व्यवस्था को जड़ बना देता है और बदलाव ही समाज को जीवंत रखता है। लालू यादव ने इसी विचार को दोहराते हुए नीतीश कुमार की अगुवाई वाली सरकार पर हमला बोला और कहा कि 2005 से अब तक एक ही सरकार चल रही है, अब जनता को इसे पलटने का समय आ गया है।

तेजस्वी को ‘युवा बिहार’ का प्रतीक बताया
राजद सुप्रीमो ने अपने संदेश में तेजस्वी यादव को ‘नई पीढ़ी की उम्मीद’ बताया। उन्होंने कहा कि बिहार को आगे ले जाने के लिए युवा ऊर्जा, नई दृष्टि और विकास की रफ्तार जरूरी है, जो महागठबंधन की सरकार में ही संभव है।

लालू यादव का यह बयान वोटिंग के दिन आने से राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई है। राजद समर्थक इसे ‘बदलाव का बिगुल’ मान रहे हैं, जबकि एनडीए खेमे में इसे चुनावी रणनीति का हिस्सा बताया जा रहा है।

जनता के नाम अपील
लालू यादव ने अपने पोस्ट के अंत में सीधे मतदाताओं से कहा — आपका एक वोट बिहार की तकदीर बदल सकता है। 20 साल के ठहराव को खत्म करने का वक्त आ गया है। अब तेजस्वी के नेतृत्व में नया बिहार बनाइए।