अमित शाह का महाठगबंधन पर प्रहार: बोले– 14 नवंबर तक लालू-राहुल की पार्टी का ‘सूपड़ा साफ’, NDA की सरकार तय

बिहार चुनाव 2025 के लिए अमित शाह ने शिवहर में NDA की जनसभा में महागठबंधन पर करारा हमला बोला। बोले– 14 नवंबर तक लालू-राहुल का सूपड़ा साफ, NDA फिर सत्ता में। साथ ही महिलाओं को 2 लाख रुपए देने और सीतामढ़ी-अयोध्या वंदे भारत ट्रेन शुरू करने का वादा किया।

अमित शाह का महाठगबंधन पर प्रहार: बोले– 14 नवंबर तक लालू-राहुल की पार्टी का ‘सूपड़ा साफ’, NDA की सरकार तय
Amit Shah

बिहार चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं, राजनीतिक सरगर्मी चरम पर है। चंदौली जिले के शिवहर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए महागठबंधन (RJD-कांग्रेस) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि 14 नवंबर को दोपहर 1 बजे तक लालू-राहुल की पार्टी का सूपड़ा साफ हो जाएगा और बिहार की जनता फिर से NDA की सरकार बनाएगी।

शाह ने कहा— महाठगबंधन में न नेता है, न नीति है, न नियत है। उन्हें खुद नहीं पता कि कौन किस सीट से चुनाव लड़ रहा है। जबकि NDA की पांचों पार्टियां पांडवों की तरह एकजुट होकर 243 सीटों पर मजबूती से चुनाव मैदान में हैं।

महिलाओं को लेकर बड़ा ऐलान – रोजगार के लिए ₹2 लाख तक सहायता
अपने भाषण में अमित शाह ने महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त करने की दिशा में बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा— हम महिलाओं को 10 हजार रुपए रोजगार के लिए दे रहे हैं, लेकिन RJD के नेताओं को इससे दर्द हो रहा है। वे कहते हैं, पैसे क्यों बांट रहे हो। मैं कहता हूं, किसी के दादा में दम नहीं जो बिहार की महिलाओं को मिलने वाले पैसे रोक ले। आने वाले समय में हम यह राशि बढ़ाकर 2 लाख रुपए तक कर देंगे।

शाह के इस बयान पर जनता ने तालियों की गड़गड़ाहट से स्वागत किया। उन्होंने कहा कि NDA सरकार महिलाओं के सम्मान और आत्मनिर्भरता के लिए प्रतिबद्ध है।

सीता माता मंदिर और वंदे भारत ट्रेन की घोषणा
अमित शाह ने बिहार के धार्मिक और पर्यटन महत्व पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि जिस दिन सीतामढ़ी में सीता माता मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा होगी, उसी दिन सीतामढ़ी से अयोध्या तक वंदे भारत ट्रेन की शुरुआत की जाएगी।

उन्होंने कहा— जो अयोध्या आएगा, वह सीतामढ़ी भी आएगा। इससे बिहार का टूरिज्म और स्थानीय अर्थव्यवस्था दोनों को बहुत बड़ा फायदा होगा।

छठी मैया का अपमान और जनता का जवाब
सभा के दौरान अमित शाह ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस नेता ने छठ पर्व का अपमान किया है। उन्होंने कहा— राहुल बाबा ने मोदी जी का अपमान करते हुए छठी मैया का भी अपमान किया है। बिहार की जनता जब-जब मोदी जी का अपमान हुआ है, तब-तब जवाब वोट से दिया है। इस बार सीतामढ़ी की जनता छठी मैया के अपमान का बदला चुनाव में जरूर लेगी।

बिहार को केंद्र से मिला 18 लाख करोड़ का विकास पैकेज
गृह मंत्री शाह ने कांग्रेस पर यह कहते हुए हमला बोला कि कांग्रेस सरकार के 10 साल में बिहार को सिर्फ ₹2.8 लाख करोड़ मिले थे, जबकि मोदी सरकार के कार्यकाल में 18.7 लाख करोड़ रुपए दिए गए। उन्होंने कहा कि ये अंतर यह साबित करता है कि मोदी सरकार ने बिहार के विकास में कभी कमी नहीं छोड़ी।