बिहार चुनाव 2025: नीतीश ‘पुतला’ बन चुके हैं, अब न जदयू बचेगी न सरकार — तेजस्वी यादव का बड़ा बयान
तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार को ‘पुतला’ बताते हुए कहा कि अब न जदयू बचेगी न सीएम कुर्सी। प्रशांत किशोर पर तंज और 18 नवंबर को शपथ लेने की घोषणा ने बिहार चुनाव में हलचल बढ़ा दी है।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के परिणाम से पहले ही सियासी तापमान चरम पर है। राजद नेता तेजस्वी यादव ने एबीपी न्यूज से बातचीत में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और जन सुराज प्रमुख प्रशांत किशोर दोनों पर तीखा हमला बोला है।
तेजस्वी यादव ने कहा कि नीतीश कुमार जी अब पूरी तरह अचेत अवस्था में हैं। उनके चेहरे का इस्तेमाल किया जा रहा है। बीजेपी ने उन्हें एक ‘पुतला’ बनाकर रख दिया है।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अब न तो नीतीश कुमार फिर से मुख्यमंत्री बन पाएंगे और न ही जदयू पार्टी का अस्तित्व बचने वाला है। तेजस्वी ने कहा, जदयू के कुछ लोग बीजेपी में चले जाएंगे और कुछ राजद में आ जाएंगे।
RJD और JDU के बीच बातचीत?
जब तेजस्वी यादव से पूछा गया कि क्या राजद की जदयू से कोई अंदरखाने बातचीत चल रही है, तो उन्होंने मुस्कराते हुए साफ इनकार कर दिया। उन्होंने कहा, किसी भी तरह की बात नहीं चल रही। नीतीश जी जिस दौर से गुजर रहे हैं, उनके प्रति सहानुभूति है, लेकिन अब उनकी राजनीतिक यात्रा लगभग समाप्त है।
तेजस्वी के इस बयान को बिहार की राजनीति में बड़ा संकेत माना जा रहा है, क्योंकि एनडीए और महागठबंधन दोनों ही खेमों में हलचल तेज है।
प्रशांत किशोर पर तंज: 2029 में प्रधानमंत्री बन जाएं
जब उनसे प्रशांत किशोर के दावे पर सवाल पूछा गया — जिसमें उन्होंने कहा था कि उनकी पार्टी या तो 10 से कम या 150 से ज़्यादा सीटें जीतेगी — तो तेजस्वी यादव ने व्यंग्यात्मक अंदाज़ में कहा, प्रशांत किशोर को 2029 के चुनावों के लिए शुभकामनाएं। वे प्रधानमंत्री बन जाएं और देश की सारी समस्याएं खत्म कर दें।
तेजस्वी ने कहा कि बिहार के असली मुद्दे जैसे रोजगार, पलायन, शिक्षा और स्वास्थ्य की चर्चा सबसे पहले महागठबंधन ने की थी। उन्होंने कहा, पढ़ाई-दवाई, कमाई-सिंचाई, सुनवाई और कार्रवाई जैसे मुद्दे हम लगातार उठा रहे हैं। अच्छा है अगर कोई और भी अब इन पर बात करने लगा है।
'18 नवंबर को शपथ की तारीख तय'
तेजस्वी यादव ने आत्मविश्वास के साथ कहा कि महागठबंधन को इस बार 170 से अधिक सीटें मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा, हम पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएंगे। किसी तरह की कोई दिक्कत नहीं आने वाली। 18 नवंबर को हम नई सरकार का शपथ ग्रहण करेंगे।
इस घोषणा के साथ तेजस्वी यादव ने एक तरह से अपनी जीत का दावा पहले ही कर दिया है, जिससे बिहार की राजनीति में नई हलचल शुरू हो गई है।


आँखें न्यूज़ 24 




