छपरा पहले से ही हॉट था, मेरे आने से नहीं… – RJD उम्मीदवार खेसारी लाल यादव बोले, ‘बीजेपी में सब कलाकार हैं, मैं नचनिया हूं लेकिन सच्चा कलाकार हूं’
छपरा से आरजेडी उम्मीदवार खेसारी लाल यादव ने एबीपी न्यूज़ से बातचीत में कहा कि छपरा पहले से ही हॉट सीट थी। बीजेपी पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि “बीजेपी में सब कलाकार हैं, मैं नचनिया हूं लेकिन सच्चा कलाकार हूं।” पढ़िए उनके पूरे बयान और बिहार विकास पर उनका विज़न।
बिहार की चर्चित छपरा लोकसभा सीट से आरजेडी उम्मीदवार और भोजपुरी फिल्मों के सुपरस्टार खेसारी लाल यादव ने एबीपी न्यूज़ से बातचीत में अपनी बेबाक राय रखी। उन्होंने कहा कि छपरा पहले से ही हॉट सीट रही है। ऐसा नहीं है कि मेरे आने से यह सीट हॉट हो गई है। मैं एक छोटे से गांव से निकला हूं और आज पूरी दुनिया मुझे प्यार करती है।
खेसारी ने कहा कि उन्हें गर्व है कि वह बिहारी हैं और छपरा की जनता के बीच से निकले हैं, लेकिन अफसोस है कि इस क्षेत्र में अब तक विकास के नाम पर कुछ भी ठोस नहीं हुआ।
पानी निकासी सबसे बड़ी समस्या – खेसारी
आरजेडी नेता ने छपरा की सबसे बड़ी समस्या को उजागर करते हुए कहा – यहां के व्यापारियों की सबसे बड़ी दिक्कत पानी निकासी की है। अगर ये नहीं सुधरा तो व्यापारी बर्बाद हो जाएंगे। सबसे पहले हम यही समस्या दूर करेंगे।
उन्होंने कहा कि जब तक छपरा का चेहरा बदल नहीं जाता, उनकी जीत अधूरी रहेगी। जिस दिन छपरा मुझसे ज्यादा खूबसूरत होगा, उस दिन मैं जीत मानूंगा।
बीजेपी पर तीखा हमला – ‘मैं नचनिया हूं, बाकी सब कलाकार हैं’
खेसारी लाल यादव ने इंटरव्यू के दौरान बीजेपी पर करारा हमला बोला। बीजेपी में सारे लोग कलाकार हैं। मैं ही नचनिया हूं क्योंकि मुझे नाचना आता है। बाकी लोग सिर्फ दिखावे के कलाकार हैं।
उन्होंने कहा कि नाचना एक दिव्य कला है, जिसे भगवान शिव से शुरू होकर देवी सरस्वती ने संरक्षित किया। हर कोई नहीं नाच सकता। भस्मासुर भी नाचा था, लेकिन क्या हुआ?
‘मैं कर्मों से बड़ा हुआ हूं, बातों से नहीं’
खेसारी लाल ने कहा कि वह भोजपुरी की उस धरती से आते हैं जिसे भिखारी ठाकुर की भूमि कहा जाता है — यानी भोजपुरी के शेक्सपियर। हमारी मिट्टी में संगीत है, मिठास है। मैं लोगों का मनोरंजन करता हूं। मैं बातों से नहीं, कर्मों से बड़ा हुआ हूं।
‘यदमुल्ला’ टिप्पणी पर पलटवार
जब उनसे पूछा गया कि कुछ विरोधी उन्हें ‘यदमुल्ला’ कहते हैं, तो खेसारी ने पलटवार करते हुए कहा – क्या मुसलमान हमारे देश के नागरिक नहीं हैं? क्या वे इंसान नहीं हैं? अगर किसी के दिमाग में ‘मुल्ला’ शब्द गाली जैसा लगता है तो वो उसकी सोच है।
उन्होंने दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ पर निशाना साधते हुए कहा – 10 साल पहले तक वह खुद मूवी में मुसलमान किरदार निभाते थे। तब उनका धर्म कहां गया था? बीजेपी में शामिल होने के बाद उन्हें मुसलमानों से नफरत क्यों हो गई?
‘हर धर्म मेरा परिवार है’ – खेसारी
मेरे लिए हिंदू, मुसलमान, सिख, इसाई सब मेरे गार्जियन हैं। सब मेरे अपने हैं। खेसारी ने कहा कि राजनीति में नफरत नहीं, बल्कि एकता और सम्मान की ज़रूरत है।
‘बिहार में फैक्ट्री क्यों नहीं लगी, मोदीजी?’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सवाल उठाते हुए खेसारी लाल यादव बोले – 20 साल पहले बिहार और गुजरात एक समान स्थिति में थे। लेकिन आज तक बिहार में कोई फैक्ट्री नहीं लगी। क्या पीएम को बिहार नहीं दिखता? उन्होंने कहा कि बिहार की स्थिति आज भी रोजगार और उद्योग के मोर्चे पर पिछड़ी हुई है।
तेजस्वी सरकार की योजनाओं की तारीफ
खेसारी ने कहा कि तेजस्वी यादव की सरकार लोगों को बाहर जाने से रोकने की कोशिश कर रही है। हम चाहते हैं कि बिहार के युवाओं को अपने ही राज्य में रोजगार मिले। बाहर जाने की मजबूरी खत्म हो।
मंदिर और विकास दोनों ज़रूरी
मथुरा में कृष्ण मंदिर निर्माण पर खेसारी लाल यादव ने कहा – मंदिर जरूर बने, लेकिन उसके साथ यूनिवर्सिटी और अस्पताल भी बने ताकि श्रद्धा के साथ शिक्षा और इलाज भी मिले। मंदिर से श्रद्धा मिले और यूनिवर्सिटी से रोजी-रोटी।
‘क्या बिहार में मंगलराज है?’
इंटरव्यू के अंत में खेसारी लाल यादव ने सवाल उठाया – क्या आज बिहार में मंगलराज है? दो दिन पहले जो हत्या हुई, वो क्या बताती है? 20 साल से सत्ता में वही लोग हैं, फिर भी व्यापारी डर में जी रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब वक्त आ गया है कि बिहार को असली विकास और रोजगार की राजनीति मिले, न कि केवल धर्म और जाति की।


आँखें न्यूज़ 24 




