लखीसराय में डिप्टी सीएम विजय सिन्हा के काफिले पर हमला, अंगरक्षक घायल; आरजेडी पर लगाया गुंडागर्दी का आरोप

बिहार चुनाव 2025 के पहले चरण की वोटिंग के दौरान लखीसराय में उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा के काफिले पर हमला। आरजेडी समर्थकों पर आरोप, एक अंगरक्षक घायल। पटना में आरजेडी विधायक का घेराव, वोट बहिष्कार से बढ़ा तनाव।

लखीसराय में डिप्टी सीएम विजय सिन्हा के काफिले पर हमला, अंगरक्षक घायल; आरजेडी पर लगाया गुंडागर्दी का आरोप
लखीसराय में उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा के काफिले पर हमला

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग के दौरान लखीसराय में तनाव का माहौल देखने को मिला। राज्य के उपमुख्यमंत्री और लखीसराय से बीजेपी उम्मीदवार विजय कुमार सिन्हा के काफिले पर प्रतापपुर पंचायत के खोरियारी गांव में अचानक पथराव कर दिया गया। इस हमले में उनके एक अंगरक्षक के घायल होने की खबर है।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा बलों ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया और उपमुख्यमंत्री को सुरक्षित बाहर निकाला गया। 

इस बीच, विजय सिन्हा ने हमले के पीछे आरजेडी समर्थकों का हाथ बताया और कहा कि यह आरजेडी के गुंडों की करतूत है। एनडीए की जीत निश्चित है, इसलिए उनकी बौखलाहट साफ दिखाई दे रही है।

विजय सिन्हा का बयान
विजय सिन्हा ने आरोप लगाते हुए कहा, मुझे गांव में जाने से रोका जा रहा है। ये आरजेडी के लोग हैं, जिन्होंने मेरे पोलिंग एजेंट को धमकाकर भगा दिया ताकि वह वोट न दे सके। ये 404 और 405 बूथ की घटना है। लेकिन जनता सब देख रही है, एनडीए की सरकार फिर से लौटेगी और इन गुंडों की छाती पर बुलडोजर चलेगा।

पटना में भी बढ़ा तनाव
उधर पटना में आरजेडी विधायक डॉ. रामानंद यादव को भी स्थानीय लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। जानकारी के मुताबिक, इलाके के लोगों ने वोट बहिष्कार का ऐलान किया था और जब विधायक उन्हें मनाने पहुंचे तो भीड़ ने उनका घेराव कर लिया। प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद किसी तरह स्थिति को संभाला गया। बताया जा रहा है कि यह विवाद जमीनी झगड़े को लेकर है, जिसके कारण ग्रामीण वोटिंग से नाराज़ हैं।

पहले चरण में अब तक मतदान प्रतिशत:
बिहार में पहले चरण की वोटिंग जोरों पर है। दोपहर 1 बजे तक औसतन 42.31% मतदान दर्ज किया गया। जिलावार आंकड़े इस प्रकार हैं – बेगूसराय 46.20%, भोजपुर 41.15%, बक्सर 41.10%, दरभंगा 39.35%, गोपालगंज 46.73%, खगड़िया 42.94%, लखीसराय 46.37%, मधेपुरा 44.16%, मुंगेर 41.47%, मुजफ्फरपुर 45.41%, नालंदा 41.87%, पटना 37.71%, सहरसा 44.20%, समस्तीपुर 43.03%, सारण 43.06%, शेखपुरा 41.23%, सीवान 41.20%, और वैशाली में 42.60% वोटिंग दर्ज की गई।

राजनीतिक माहौल में गरमी:
पहले चरण की वोटिंग के बीच यह हमला राजनीतिक सरगर्मी को और बढ़ा गया है। एनडीए और आरजेडी, दोनों ही पक्ष अब एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप में जुट गए हैं। प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है, ताकि बाकी चरणों में किसी तरह की अप्रिय घटना न हो।