महिला विश्व कप विजेता भारतीय टीम ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से की मुलाकात, हरमनप्रीत कौर ने भेंट की सिग्नेचर जर्सी

महिला विश्व कप 2025 की विजेता भारतीय टीम ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। हरमनप्रीत कौर ने सिग्नेचर जर्सी भेंट की और कहा कि ट्रॉफी को देश से बाहर नहीं जाने देने का था संकल्प। जेमिमा रोड्रिग्स ने कहा – महिला क्रिकेट की यह जीत उन सभी के नाम जिन्होंने इसकी नींव रखी।

महिला विश्व कप विजेता भारतीय टीम ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से की मुलाकात, हरमनप्रीत कौर ने भेंट की सिग्नेचर जर्सी

महिला क्रिकेट विश्व कप 2025 का खिताब जीतने के बाद भारतीय महिला क्रिकेट टीम गुरुवार को नई दिल्ली के राष्ट्रपति भवन पहुंची, जहां टीम ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। राष्ट्रपति ने सभी खिलाड़ियों को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई दी और भारतीय बेटियों की इस जीत को देश का गौरव बताया।

इस मौके पर कप्तान हरमनप्रीत कौर ने राष्ट्रपति को टीम की ओर से एक स्मृति स्वरूप सिग्नेचर वाली जर्सी भेंट की। उन्होंने विश्व कप ट्रॉफी राष्ट्रपति को दिखाते हुए कहा कि यह पल पूरे देश के लिए गर्व का है। फोटो सेशन के दौरान राष्ट्रपति मुर्मू और पूरी टीम ने ट्रॉफी के साथ सामूहिक तस्वीरें खिंचवाईं।

हरमनप्रीत कौर का बयान:
टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने राष्ट्रपति से कहा, यह टूर्नामेंट हमारे लिए बेहद खास था क्योंकि यह भारत में आयोजित हुआ था। जब हमें पता चला कि यह विश्व कप अपने देश में है, तो हमने उसी दिन तय कर लिया था कि ट्रॉफी को भारत से बाहर नहीं जाने देंगे। हमें अपनी मेहनत और टीम की एकजुटता पर पूरा भरोसा था। आज इस जीत को आपके साथ साझा करते हुए हमें अपार खुशी हो रही है।

जेमिमा रोड्रिग्स ने कही भावनात्मक बात:
टीम की स्टार बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स ने महिला क्रिकेट की बदली तस्वीर पर कहा, आज हर कोई महिला क्रिकेट को पसंद कर रहा है। यह बदलाव बीसीसीआई, समान वेतन नीति और डब्ल्यूपीएल (WPL) के कारण संभव हुआ है। हम उन महिलाओं की कृतज्ञ हैं जिन्होंने हमारे लिए रास्ता बनाया — वे जो बिना पैसे, पहचान और समर्थन के सिर्फ जुनून के लिए खेलती रहीं। आज की यह सफलता उतनी ही उनकी है जितनी हमारी।

उन्होंने आगे कहा, हम वादा करते हैं कि भारतीय महिला क्रिकेट की इस विरासत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे। आने वाली पीढ़ियां इस टीम को और मजबूत बनाएंगी।

प्रधानमंत्री मोदी से भी हुई थी मुलाकात
इससे पहले बुधवार को भारतीय टीम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से 7 लोक कल्याण मार्ग पर मुलाकात की थी। पीएम मोदी ने टीम को ऐतिहासिक जीत पर बधाई देते हुए कहा कि यह नई भारत की बेटियों की ताकत है। उन्होंने खिलाड़ियों के साथ व्यक्तिगत बातचीत भी की और हर खिलाड़ी की मेहनत की सराहना की।

टीम की उपकप्तान ने बताया कि 2017 में पीएम मोदी से हुई पिछली मुलाकात ने उन्हें प्रेरणा दी थी। उनके शब्दों ने पूरी टीम में नया जोश भरा था।