फूलन देवी को वीआईपी ने दी श्रद्धांजलि, मुकेश सहनी बोले- अब 4 नहीं 40 विधायक चाहिए; तेजस्वी यादव बोले- अब नीतीश से बिहार नहीं संभल रहा

पटना के बापू सभागार में विकासशील इंसान पार्टी ने वीरांगना फूलन देवी को श्रद्धांजलि दी। मुकेश सहनी ने निषाद समाज के हक की लड़ाई तेज करने की बात कही। तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार पर हमला बोलते हुए बिहार में बदलाव की अपील की।

फूलन देवी को वीआईपी ने दी श्रद्धांजलि, मुकेश सहनी बोले- अब 4 नहीं 40 विधायक चाहिए; तेजस्वी यादव बोले- अब नीतीश से बिहार नहीं संभल रहा
Mukesh sahni and Tejashwi yadav

वीरांगना फूलन देवी के शहादत दिवस पर विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) ने पटना के बापू सभागार में एक भव्य श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया। इस आयोजन में हजारों की संख्या में लोग जुटे, जिनमें प्रदेश भर से आए वीआईपी कार्यकर्ता, समर्थक और आमजन शामिल थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पार्टी प्रमुख मुकेश सहनी ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी भाग लिया।

फूलन देवी को याद कर भरे गले से बोले मुकेश सहनी
मुकेश सहनी ने वीरांगना फूलन देवी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनका जीवन संघर्ष और साहस की मिसाल है। उन्होंने कहा, वीरांगना फूलन देवी ने सामंती सोच, जातिवाद और पुरुषप्रधान मानसिकता के खिलाफ बगावत की थी। उनका बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। वीआईपी उनकी विरासत को आगे बढ़ा रही है।

उन्होंने कहा कि फूलन देवी ने संसद से लेकर सड़क तक शोषितों, वंचितों, पिछड़ों और खासकर महिलाओं के हक के लिए आवाज बुलंद की थी। आज समय है कि हर व्यक्ति उनके जीवन से प्रेरणा लेकर अपने हक के लिए खड़ा हो।

'हमारे 4 विधायक छीने गए, अब 40 चाहिए'
मुकेश सहनी ने मंच से चेतावनी भरे लहजे में कहा, उन्होंने हमारे 4 विधायक लिए, अब हम 40 छीनेंगे। यह सत्ता नहीं, सम्मान की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि निषाद समाज अब सिर्फ मछली पकड़ने वाला नहीं, बल्कि सत्ता चलाने वाला समाज है। सहनी ने बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश में निषाद समाज को आरक्षण देने की मांग उठाई और कहा, अगर दूसरे राज्यों में आरक्षण मिल सकता है, तो यहां क्यों नहीं?

वोट की ताकत से सरकार बदलने की अपील
सहनी ने बाबा साहब अंबेडकर का हवाला देते हुए कहा कि वोट का अधिकार सबसे बड़ी ताकत है। गरीब की सरकार होगी तो गरीब का काम होगा। महागठबंधन की सरकार बनी तो निषाद समाज का बेटा डिप्टी सीएम बनेगा।

तेजस्वी यादव का बड़ा हमला - अब नीतीश नहीं संभाल सकते बिहार
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए तेजस्वी यादव ने सीधे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बिहार में 20 साल से नीतीश और देश में 11 साल से मोदी हैं, फिर भी बेरोजगारी, महंगाई, पलायन और गरीबी लगातार बढ़ी है। 

तेजस्वी ने कहा कि बिहार हर पैमाने पर पिछड़ गया है। उन्होंने दावा किया कि हमारे पास विजन भी है और रोडमैप भी। जनता एक मौका दे, हम बिहार को अव्वल बनाएंगे।