तेजस्वी झूठ बोलते हैं, विकास का पाई-पाई का हिसाब उनके घर जाकर दूंगा: नित्यानंद राय
बिहार चुनाव 2025 को लेकर नित्यानंद राय ने तेजस्वी यादव पर बड़ा बयान दिया। कहा— तेजस्वी झूठ बोलते हैं, और एक महीने में नहीं बुलाया तो खुद उनके घर जाकर विकास का पाई-पाई का हिसाब दूंगा।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले राज्य की राजनीति गरमा गई है। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने आरजेडी नेता तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें झूठा और भ्रम फैलाने वाला नेता करार दिया। उन्होंने कहा कि अगर तेजस्वी यादव एक महीने के भीतर उनसे बिहार में हुए विकास पर बहस के लिए नहीं बुलाते, तो वे खुद उनके घर जाकर विकास योजनाओं का पाई-पाई का हिसाब देंगे। राय ने तेजस्वी पर परिवारवाद और भ्रष्टाचार की राजनीति करने का भी आरोप लगाया। इंडिया टीवी को दिए गए एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में नित्यानंद राय ने एनडीए की जीत और बिहार के विकास मॉडल को लेकर विश्वास जताया।
'मैं किसान का बेटा हूं, धरती की सुगंध बता देती है कि फसल कैसी होगी'
नित्यानंद राय ने बेहद आत्मविश्वास से कहा, मैं कह रहा हूं कि राजनीति की फसल 2025 में NDA के पक्ष में उगेगी। जनता बहुमत की सरकार चुनेगी और विकास की गति और तेज होगी।
'पिछली बार से अब काफी बदल चुका है माहौल'
उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में NDA और UPA के वोटों में मामूली अंतर था, लेकिन अब हालात पूरी तरह बदल चुके हैं। पिछले 5 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बिहार को अभूतपूर्व योजनाएं मिली हैं। एनडीए की सरकार ने इन योजनाओं को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में ज़मीन पर उतारा।
'गांव-गांव पहुंची विकास की गंगा'
नित्यानंद राय ने कहा कि विकास की गंगा गांव-गांव, घर-घर और जन-जन तक पहुंची है। इसका असर यह हुआ कि देश में लगभग 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए, जिनमें 2.5 करोड़ से ज़्यादा बिहार के लोग हैं। यह बताता है कि बिहार में विकास रुकने वाला नहीं है।
'NDA पहले से ज्यादा मजबूत गठबंधन बनकर उभरा है'
गठबंधन पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि इस बार NDA पहले से ज्यादा मजबूत है। पिछली बार चिराग पासवान हमारे साथ नहीं थे, अब हैं। उपेंद्र कुशवाहा और जीतन राम मांझी भी हमारे साथ हैं।
'घमंडिया गठबंधन का सूपड़ा साफ होगा'
उन्होंने RJD और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, इस बार घमंडिया गठबंधन (RJD + Congress) का सूपड़ा साफ हो जाएगा। जनता ने उन्हें पूरी तरह नकार दिया है।
'बीजेपी जात-पात की राजनीति नहीं करती'
यादव समाज से आने के सवाल पर उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा की सोच जातिवाद से ऊपर उठकर राष्ट्रवाद की है। उन्होंने कहा, हमारा लक्ष्य है – सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास। जाति नहीं, योग्यता और राष्ट्रहित हमारी प्राथमिकता है।
'तेजस्वी यादव झूठ बोलते हैं, मैं हिसाब देने उनके घर जाऊंगा'
तेजस्वी यादव के आरोपों पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा, तेजस्वी यादव सफेद झूठ बोलते हैं। मैं उन्हें खुली चुनौती देता हूं – एक महीने के अंदर जहां चाहें, बुला लें। मैं विकास का एक-एक पाई का हिसाब दूंगा। अगर नहीं बुलाया, तो मैं खुद उनके घर जाऊंगा और हिसाब दूंगा।


आँखें न्यूज़ 24 




