लॉर्ड्स टेस्ट में बुमराह का जलवा, लेकिन कैच छोड़ने पर सिराज भड़के – 'पकड़ो यार, ध्यान लगाओ'
IND vs ENG टेस्ट में सिराज का गुस्सा वायरल! बुमराह ने 5 विकेट लिए, लेकिन कैच छोड़ने पर सिराज ने लाइव कहा – "पकड़ो यार, ध्यान लगाओ।"
लॉर्ड्स टेस्ट 2025 में टीम इंडिया के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने अपनी घातक गेंदबाजी से इंग्लैंड की पहली पारी को 387 रनों पर समेट दिया। लेकिन शानदार गेंदबाजी के बीच भारतीय फील्डर्स की कमजोर पकड़ भी देखने को मिली। कई आसान कैच टपक गए, जिससे सबसे ज्यादा नाराज़ दिखे मोहम्मद सिराज। लाइव मैच के दौरान सिराज का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वो साथी खिलाड़ियों को डांटते हुए कहते नजर आते हैं – “पकड़ो यार, फील्डिंग पर ध्यान लगाओ।”
बुमराह ने लिया 5 विकेट, लेकिन कैच छोड़कर गंवाए मौके
टीम इंडिया के सबसे भरोसेमंद गेंदबाज बुमराह ने शानदार स्पेल डालते हुए पांच विकेट चटकाए। बुमराह की धारदार गेंदबाजी के दम पर इंग्लैंड की पहली पारी 387 रन पर सिमटी। अगर भारतीय फील्डर्स कैच छोड़ते नहीं, तो पारी और पहले खत्म हो सकती थी।
सिराज का गुस्सा – राहुल और जुरैल पर फूटा
मैच के दूसरे दिन मोहम्मद सिराज की गेंद पर दो अहम मौके गंवाए गए। एक मौके पर सिराज की गेंद पर स्लिप में केएल राहुल ने जेमी स्मिथ का कैच छोड़ दिया, जब वो केवल 5 रन पर थे। बाद में स्मिथ ने 51 रनों की अहम पारी खेली।
इसके बाद एक और मौका तब हाथ से निकल गया जब विकेटकीपर ध्रुव जुरैल सिराज की गेंद ठीक से लपक नहीं पाए। सिराज इतने गुस्से में आ गए कि लाइव कैमरे पर दिखा कि वो कहते हैं – "पकड़ो यार, फील्डिंग पर ध्यान लगाओ।" यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है और फैंस इस पर खूब रिएक्ट कर रहे हैं।
मांजरेकर और वरुण एरोन ने क्या कहा?
मैच के दौरान कमेंट्री कर रहे पूर्व भारतीय क्रिकेटर संजय मांजरेकर और तेज गेंदबाज वरुण एरोन ने सिराज की नाराजगी पर अपनी राय दी। मांजरेकर ने कहा कि दोनों कैच मुश्किल जरूर थे, लेकिन इस स्तर पर फील्डर्स से उम्मीद रहती है कि वो इन्हें पकड़ें। एरोन ने कहा कि सिराज अपनी लय में शानदार गेंदबाजी कर रहे थे और जब फील्डर उनका साथ नहीं दे रहे थे, तो उनका गुस्सा लाजमी था।
सिराज का प्रदर्शन
एजबेस्टन टेस्ट की पहली पारी में 6 विकेट लेने वाले मोहम्मद सिराज इस टेस्ट में भी लय में नजर आए। लॉर्ड्स में सिराज ने 23.3 ओवरों में 85 रन देकर दो विकेट झटके। उन्होंने ब्राइडन कार्स और जेमी स्मिथ को आउट किया।


आँखें न्यूज़ 24 




