IPL 2026: पंजाब की धमाकेदार जीत: लखनऊ को 54 रन से हराया, प्रियांश-कोनोली की रिकॉर्ड साझेदारी

आईपीएल 2026 में पंजाब की बड़ी जीत, लखनऊ को 54 रन से हराया। प्रियांश आर्या ने 93 रन, कोनोली ने 87 रन बनाए। जानिए पूरा मैच रिपोर्ट, स्कोरकार्ड और हाइलाइट्स।

IPL 2026: पंजाब की धमाकेदार जीत: लखनऊ को 54 रन से हराया, प्रियांश-कोनोली की रिकॉर्ड साझेदारी

आईपीएल 2026 के 29वें मुकाबले में न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादविंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में पंजाब ने लखनऊ को एकतरफा मुकाबले में मात दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम ने विशाल स्कोर खड़ा किया और फिर गेंदबाजों ने जीत पर मुहर लगा दी।

टॉस जीतकर लखनऊ ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया, लेकिन यह निर्णय टीम पर भारी पड़ गया। पंजाब के ओपनर प्रियांश आर्या ने शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाए। उन्होंने सिर्फ 37 गेंदों में 93 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 9 छक्के शामिल रहे। उनका स्ट्राइक रेट 250 से भी ऊपर रहा।

दूसरी ओर कूपर कोनोली ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 46 गेंदों पर 87 रन बनाए। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 182 रन की जबरदस्त साझेदारी हुई, जिसने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। मिडिल ऑर्डर में मार्कस स्टोइनिस ने 29 रन और शशांक सिंह ने 17 रन का योगदान दिया, जिससे टीम का स्कोर 20 ओवर में 254 रन तक पहुंच गया।

लखनऊ की कोशिश नाकाम, अच्छी शुरुआत के बावजूद हार
255 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ की शुरुआत ठीक रही, लेकिन नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। ऋषभ पंत ने 23 गेंदों में 43 रन बनाए, जबकि मिचेल मार्श ने 40 और आयुष बदोनी ने 35 रन का योगदान दिया।
एडेन मार्कराम ने भी 42 रन की उपयोगी पारी खेली, लेकिन टीम 20 ओवर में 5 विकेट पर 200 रन ही बना सकी और 54 रन से मुकाबला हार गई।

गेंदबाजों ने भी निभाई अहम भूमिका
पंजाब की ओर से मार्को यानसन ने 2 विकेट लिए। वहीं अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल और विजयकुमार व्यासक ने 1-1 विकेट हासिल किया। लखनऊ की तरफ से प्रिंस यादव और मणिमरन सिद्धार्थ ने 2-2 विकेट लिए, लेकिन बाकी गेंदबाज प्रभाव नहीं छोड़ सके।

सीजन में पंजाब का दबदबा बरकरार
इस जीत के साथ पंजाब ने सीजन में अपनी पांचवीं जीत दर्ज की और अब तक अजेय बनी हुई है। टीम ने 6 में से 5 मैच जीते हैं, जबकि एक मुकाबला बारिश की वजह से रद्द हुआ था। दूसरी ओर लखनऊ को 6 मैचों में चौथी हार का सामना करना पड़ा है।