भारतीय क्रिकेटर पर ICC का शिकंजा: मैदान पर क्या हुआ, जो कैमरे में नहीं दिखा?

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ओपनर प्रतिका रावल ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे में ICC के जुर्माने पर सफाई दी। जानिए क्या हुआ था मैदान पर और लॉर्ड्स में दूसरे मैच की तैयारी।

भारतीय क्रिकेटर पर ICC का शिकंजा: मैदान पर क्या हुआ, जो कैमरे में नहीं दिखा?
प्रतिका रावल

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सलामी बल्लेबाज प्रतिका रावल इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे में विवादों में घिर गईं। आईसीसी ने उन पर मैच फीस का 10% जुर्माना लगाया और एक डिमेरिट पॉइंट भी उनके खाते में जोड़ दिया। हालांकि, प्रतिका ने अपनी सफाई में कहा कि यह सब अनजाने में हुआ और इसे बेवजह का हंगामा नहीं बनाना चाहिए।

क्या हुआ था मैदान पर?
भारत और इंग्लैंड के बीच पहले वनडे मैच के दौरान भारतीय पारी के 18वें और 19वें ओवर में दो घटनाओं ने सबका ध्यान खींचा। 18वें ओवर में रन लेते समय प्रतिका रावल का कंधा इंग्लैंड की तेज गेंदबाज लॉरेन फाइलर से टकरा गया। 19वें ओवर में जब वे सोफी एक्लेस्टोन की गेंद पर आउट हुईं तो दोनों के बीच बहस हो गई और इस दौरान फिर से कंधा टकराया। 

आईसीसी ने इसे खेल भावना के खिलाफ मानते हुए रावल पर कार्रवाई की। वहीं इंग्लिश टीम पर भी स्लो ओवर रेट के लिए मैच फीस का 5% जुर्माना लगाया गया।

प्रतिका रावल ने क्या कहा?
मैच के बाद मीडिया से बातचीत में प्रतिका रावल ने कहा, यह बिल्कुल जानबूझकर नहीं था। मैं अपनी लाइन में दौड़ रही थी और अनजाने में टकराव हो गया। इस पर हंगामा करने की कोई जरूरत नहीं है। टीम का पूरा फोकस सीरीज जीतने पर है।

इंग्लैंड पर भी कार्रवाई
मैच अधिकारियों ने पाया कि इंग्लिश टीम ने तय समय में एक ओवर कम फेंका। इसी वजह से ICC Code of Conduct (अनुच्छेद 2.22) के तहत टीम पर 5% जुर्माना लगाया गया। इंग्लैंड की कप्तान नैट साइवर-ब्रंट और रावल — दोनों ने ही फैसले को स्वीकार कर लिया।

भारत 1-0 से आगे, क्लीन स्वीप की तैयारी
तीन मैचों की इस सीरीज में भारत 1-0 से आगे है। अब सीरीज का दूसरा मैच 19 जुलाई (शनिवार) को ऐतिहासिक लॉर्ड्स स्टेडियम में खेला जाएगा। रावल ने कहा, हम हर मैच में फोकस कर रहे हैं। अगर सीरीज 3-0 से जीत ली तो यह शानदार होगा।